
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूर उत्तर दिशा में रेलवे ट्रैक पर 18 वर्षीय युवक का शव रविवार को देर शाम मिला। सोमवार को सुबह उसकी पहचान गड़खड़ा निवासी धीरज के रूप में हुई। बताया जाता है कि गरखड़ा हरिजन बस्ती निवासी स्वामी धीरज रविवार को दोपहर में घर से खाना खाने के बाद साईकिल लेकर निकला, लेकिन वापस नही लौटा। सायँ 7 बजे फूलपुर पुलिस को एक शव रेलवे ट्रैक पर होने की सूचना मिली। जिसपर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त शुरू की।
इसी दौरान एसआई आरपी सिंह ने उसके शर्ट के कॉलर पर लगे टेलर के नाम व मोबाइल के आधार पर सम्पर्क किया तो उसी गांव के निवासी टेलर ने एक युवक के गायब होने की बात कही। जिसपर सोमवार को सुबह पहुचे परिजनों ने मृत युवक की शिनाख्त की। युवक दो भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था, पिता श्यामनाथ बोरिंग का काम करते हैं। पुलिस ने परिजनों के तहरीर के आधार पर शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु भेज दिया। ट्रेन से कटने से शरीर का आधा भाग बुरी तरह कुचल गया था। जेब मे रखा मोबाइल भी टूट कर बिखर गया व मौके पर उसकी साईकिल भी खड़ी मिली।


