NationalUP Live

राम मंदिर के बाद अयोध्या में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट, 1407 एकड़ में बस रही नई ‘स्मार्ट रामनगरी’

अयोध्या में 1407 एकड़ में ग्रीनफील्ड टाउनशिप तेजी से विकसित हो रही है। राम मंदिर से 4.5 किमी दूर इस परियोजना में आधुनिक आवास, होटल, वेलनेस हब, मेडिकल सेंटर और हाईटेक सुविधाएं विकसित होंगी। अब तक 300 आवासीय प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। सोलर ऊर्जा, ग्रीन कॉरिडोर और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से यह टाउनशिप अयोध्या को निवेश, पर्यटन और आधुनिक जीवन का नया केंद्र बनाएगी। इससे रोजगार, रियल एस्टेट और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

  • गुजरात, उत्तराखण्ड, महाराष्ट्र और गोवा सरकार को राज्य भवन हेतु भूखण्ड आवंटित,100 से 200 वर्ग मीटर तक के 300 आवासीय भूखण्डों का हो चुका है आवंटन

अयोध्या : अयोध्या में ग्रीनफील्ड टाउनशिप तेजी से आकार ले रहा है। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा संचालित यह महत्वाकांक्षी परियोजना रामनगरी को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में शामिल इस योजना से अयोध्या न केवल धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनेगी, बल्कि निवेश, आवास और आधुनिक सुविधाओं का भी प्रमुख हब बन जाएगी।

परियोजना का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल लगभग 1407 एकड़ है, जिसमें से वर्तमान में करीब 720 एकड़ भूमि पर भौतिक कब्जा आवास विकास परिषद को प्राप्त हो चुका है। यह भूमि श्री राम जन्मभूमि मंदिर से मात्र 4.5 किलोमीटर दूर NH-27 बायपास के निकट सरयू नदी के तट पर स्थित है। आवास विकास अधिशासी अभियंता अमन त्यागी ने बताया की योजना के अंतर्गत भूमि विकास, गृहस्थान एवं बाजार योजना, पूरक योजना तथा प्रथम पूरक योजना के तहत अधिग्रहण कार्य तेजी से चल रहा है।

विकास कार्यों में ट्रंक रोड, ट्रंक ड्रेन, केवल डक्ट, वाह्य विद्युतीकरण, आंतरिक सड़कें, सब स्टेशन और पंप हाउस का निर्माण प्रमुखता से हो रहा है। इन कार्यों से क्षेत्र का समग्र स्वरूप बदल रहा है और आधुनिक नगरीय ढांचा मजबूत हो रहा है। योजना में राज्य भवनों के निर्माण के लिए गुजरात, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गोवा सरकारों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। ये राज्य भवन अयोध्या में अपनी सांस्कृतिक उपस्थिति दर्ज कराएंगे और धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को नई गति देंगे।

इसी तरह, मठ-आश्रमों के लिए कुल 21 भूखंड आवंटित हो चुके हैं, जो धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। होटल निर्माण के लिए 9 प्लॉट आवंटित किए गए हैं, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। पांच सितारा होटलों से लेकर अन्य आतिथ्य सुविधाओं तक यहां विकसित होंगी, जो पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं।

300 आवासीय भूखंडों का आवंटन पूरा हो चुका

आवासीय खंड में विशेष रुचि दिखाई दे रही है। योजना में 100 से 200 वर्ग मीटर आकार के लगभग 300 आवासीय भूखंडों का आवंटन पूरा हो चुका है। यह प्लॉट 100 वर्ग मीटर, 150 वर्ग मीटर और 200 वर्ग मीटर में उपलब्ध हैं। 2025 के अंत में हुई ड्रॉ और नंबरिंग प्रक्रिया के बाद कई आवंटियों को औपचारिक आवंटन पत्र मिल चुके हैं। रेरा पंजीकृत इस परियोजना में अंडरग्राउंड यूटिलिटीज, 36 मीटर चौड़ी सड़कें, ग्रीन-ब्लू कॉरिडोर (तालाबों का विकास करेंगे) जैसी सुविधाएं होंगी।

परियोजना में हरित क्षेत्रों, झीलों, वेलनेस हब, हाईटेक पार्क और सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या को सोलर सिटी और स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में यह टाउनशिप महत्वपूर्ण है। ‘नव्य अयोध्या’ अवधारणा के तहत आध्यात्मिकता और आधुनिकता का संतुलन बनाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर फोकस है, जिसमें सौर ऊर्जा, हरित क्षेत्र और नवीकरणीय संसाधनों का उपयोग प्रमुख है।

टाउनशिप विकास को नई ऊंचाई देगी

राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या में पर्यटन और निवेश की लहर आई है, और यह टाउनशिप उस विकास को नई ऊंचाई देगी। परियोजना की प्रगति से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। रोजगार सृजन, होटल-आतिथ्य क्षेत्र का विस्तार और रियल एस्टेट में निवेश के अवसर बढ़ेंगे। निवेशकों के लिए यह सुनहरा मौका है, क्योंकि अयोध्या का विकास तेजी से हो रहा है और प्रॉपर्टी मूल्यों में वृद्धि की संभावना मजबूत है।

परिषद की वेबसाइट पर अपडेट्स उपलब्ध हैं और आवंटन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चल रही है। कुल मिलाकर अयोध्या ग्रीनफील्ड टाउनशिप रामनगरी को विश्व स्तर की आधुनिक नगरी बनाने का माध्यम बनेगी। जहां प्राचीन गौरव और आधुनिक सुविधाएं एक साथ फलें-फूलेंगी। यह योजना न केवल अयोध्या बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के शहरी विकास का नया मॉडल साबित होगी।

पीएम मोदी के ‘मानव-केंद्रित एआई’ विजन पर आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री

गंगा-वरुणा को स्वच्छ बनाने की बड़ी तैयारी, लोहता में बनेगा 274 करोड़ का अत्याधुनिक एसटीपी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button