नई दिल्ली : केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने जेईई मेन्स 2021 परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बुधवार को हुई घोषणा के मुताबिक जेईई मेन परीक्षा 2021 का पहला सत्र 23 फरवरी से 26 फरवरी 2021 के बीच होगा। इस बार जेईई मेन्स 2021 का आयोजन चार सत्रों में किया जाएगा। फरवरी के बाद दूसरा सत्र मार्च, तीसरा अप्रैल और चौथा मई में होगा। चार सत्रों में परीक्षा लेने का मकसद है कि अलग अलग समय पर होने वालीं विभिन्न राज्यों की बोर्ड परीक्षाएं जेईई मेन्स परीक्षा के आयोजन में बाधा पैदा न करें। बता दें कि IIT JEE मेन्स की परीक्षाएं इससे पहले साल में दो बार ही आयोजित होती थी।
खास बात ये कि जेईई मेन्स परीक्षा अब कुल 13 भाषाओं में होगी- अंग्रेजी, हिंदी, गुजराती, बांग्ला, असमी, कन्नड़, मराठी, मलयालम, उड़िया, तमिल, उर्दू, तेलुगू, पंजाबी। अभी तक जेईई परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी, गुजराती में होती रही है। इस बार से कई क्षेत्रीय भाषाओं को परीक्षा माध्यम के तौर पर शामिल किया गया है। जिससे परीक्षार्थियों में उत्साह है।
चारों चरणों की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं विद्यार्थी
इस बार जेईई मेन्स में कई बदलाव हुए हैं। चार चरणों में आयोजित परीक्षाओं में एक से अधिक एक्जाम्स में स्टूडेंट्स शामिल हो सकते हैं। 2021 के चारों चांस में से स्टूडेंट्स के बेस्ट एनटीए स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट/रैंकिंग बनेगी। इस व्यवस्था के तहत छात्रों के पास अधिक विकल्प होंगे साथ ही उत्तीर्णता का बेहतर मौका भी।
खास बात ये है कि इस बार UP (2021) का आयोजन नहीं होने की बात कही जा रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू), लखनऊ सहित यूपी के 750 कॉलेजों में 1.40 लाख सीटों पर जेईई मेन्स 2021 के स्कोर के आधार पर ही छात्रों को दाखिला मिल सकेगा।
ये है शेड्यूल
जेईई मेन्स 2021 के पहले सत्र के एडमिट कार्ड जनवरी के पहले सप्ताह में जारी किए जाएंगे। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। जेईई मेन्स में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस्ड परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। जेईई एडवांस्ड परीक्षा के जरिए देश के प्रतिष्ठित 23 आईआईटी संस्थानों में एंट्री मिलेगी ।
इस लिंक पर शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन https://jeemain.nta.nic.in/webinfo2021/Page/Page?PageId=3&LangId=P
शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इससे पहले जानकारी दी थी कि वे लगातार छात्रों के संपर्क में थे। इस दौरान जेईई को लेकर छात्रों ने कई सुझाव केंद्रीय मंत्री को दिए थे। जिसे एनटीए को भेजा गया था। अच्छी बात ये कि परीक्षा लेने वाली एजेंसी एनटीए ने इनमें कई सुझावों को स्वीकार भी कर लिया है। परीक्षा का आयोजन करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने साल 2021 में आयोजित होने वाले एग्जाम में कई बदलाव किए हैं।
बीते 10 दिसंबर को शिक्षा मंत्री निशंक ने एक वेबिनार के जरिए आगामी बोर्ड परीक्षाओं और जेईई मेन्स व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के मसले पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सवालों का जवाब दिया था। उन्होंने जेईई मेन्स 2021 और नीट 2021 परीक्षाओं को लेकर भरोसा दिलाया था कि इन परीक्षाओं के सिलेबस कम किये जाएंगे। इन्ही सुझावों के आधार पर इस बार चार सत्रों में जेईई परीक्षा के आयोजन का फैसला लिया गया है।
शिक्षा मंत्री निशंक ने आश्वस्त किया है कि अब सीबीएसई 10वीं 12वीं परीक्षाओं की डेट को लेकर छात्रों को चिंता करने की दरकार नहीं है। सीबीएसई की परीक्षाएं शुरू होने से काफी पहले एग्जाम डेट जारी कर दी जाएंगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा का 30 फीसदी सिलेबस कम कर दिया है।




