स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी यूथ ब्रिगेड को राष्ट्रीय स्तर पर जीवन रक्षक सम्मान
भलुअनी, देवरिया की सामाजिक संस्था स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी यूथ ब्रिगेड को गाजीपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। जीवन रक्षक फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देश के 28 राज्यों के रक्तवीरों की उपस्थिति रही। स्वच्छता, रक्तदान, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए संस्था के संस्थापकों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान किया गया।
- गाजीपुर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में समाज सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
भलुअनी (देवरिया)। सामाजिक सरोकारों में सक्रिय संस्था स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी यूथ ब्रिगेड को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। गाजीपुर के शहनाई पैलेस में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह में देश के 28 राज्यों एवं उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से आए रक्तवीरों के बीच संस्था को यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जीवन रक्षक फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा, विशिष्ट अतिथि डॉ. टी. पी. सिंह तथा कार्यक्रम आयोजक शीर्षदीप शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने यूथ ब्रिगेड के संस्थापक संतोष मद्धेशिया वैश्य एवं दिनेश गुप्ता को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
अतिथियों ने संस्था द्वारा स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, पर्यावरण व जल संरक्षण, योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आर्थिक सहयोग एवं वस्त्र वितरण जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे निरंतर और प्रभावी कार्यों की सराहना की। समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से आए दर्जनों दोहरे शतकवीर, शतकवीर रक्तदाता तथा रक्तवीरांगनाएं विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सम्मान ग्रहण करते हुए संतोष मद्धेशिया वैश्य ने इसे पूरे यूथ ब्रिगेड के सभी सदस्यों का सम्मान बताते हुए टीम को समर्पित किया। उन्होंने बताया कि संस्था बीते कई वर्षों से “आओ नशा नहीं, रक्तदान करें” अभियान के माध्यम से अब तक 849 यूनिट रक्तदान करा चुकी है तथा सैकड़ों युवाओं को प्रेरित कर हजारों जरूरतमंदों की जान बचाने में भूमिका निभा चुकी है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में 70 सप्ताह का स्वच्छता अभियान, व्यापक वृक्षारोपण और जल संरक्षण से जुड़े दर्जनों अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं।
यूथ ब्रिगेड के कार्यों को देखते हुए संस्था को गाजीपुर के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, कुशीनगर, हाटा, चौरीचौरा, रुद्रपुर, सलेमपुर, देवरिया, बरहज एवं भलुअनी सहित कई स्थानों पर प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। पूर्व जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह द्वारा भी संस्था को सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में यूथ ब्रिगेड के साथ देश की अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया। यूथ ब्रिगेड को यह सम्मान मिलने पर प्रदेश एवं जिले के समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए संस्था को बधाई दी है।
युवा शक्ति संचालित बजट 2026-27: गरीब, वंचित और मध्यम वर्ग पर केंद्रित विकास का रोडमैप
केंद्रीय बजट 2026-27: विकास, समावेशन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर सरकार का बड़ा फोकस



