Varanasi

जलकल कार्यालय का औचक निरीक्षण, शिकायत निस्तारण में देरी पर नगर आयुक्त सख्त

वाराणसी में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, कार्यालय को स्वच्छता का आदर्श बनाने और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। आईजीआरएस सहित लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

वाराणसी। नगर में जल आपूर्ति और सीवर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और स्वच्छता व्यवस्था का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने पटल सहायकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यालय में रखे जाने वाले सभी अभिलेख सुव्यवस्थित, अद्यतन और आसानी से उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने फाइलों के बिखरे रहने और दस्तावेजों के अव्यवस्थित रख-रखाव पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि रिकॉर्ड प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कार्यालय कक्षों के वातावरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग का कार्यालय स्वच्छता के प्रति आदर्श होना चाहिए, क्योंकि यही विभाग शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराता है। साफ-सफाई, अनुशासन और कार्य संस्कृति में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

शिकायत निस्तारण पर सख्त रुख

नगर आयुक्त ने जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता स्तर पर आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के अनावश्यक रूप से लंबित रहने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।नगर आयुक्त ने कहा कि शिकायत निस्तारण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि आमजन का विश्वास बना रहे। यदि किसी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

निरीक्षण के दौरान जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जलकल विभाग की जिम्मेदारी सीधे आम नागरिकों से जुड़ी है, इसलिए कार्य में संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता अनिवार्य है। नगर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण से जलकल विभाग में हलचल देखी गई। अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती का उद्देश्य व्यवस्था को दुरुस्त करना और शहरवासियों को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।

महाशिवरात्रि से पहले जलकल विभाग को सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

नगर निगम की सख्ती: बकाया किराये पर 70 दुकानों को अंतिम नोटिस

चौकाघाट अवैध मछली मंडी के आठ विकेताओं के खिलाफ प्राथमिकी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button