सुरेश खन्ना ने पांडेयपुर व सरसौली मलीन बस्तियों का किया निरीक्षण
प्रदेश के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री एवं वाराणसी के नोडल मंत्री सुरेश खन्ना ने पांडेयपुर और सरसौली मलीन बस्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उखड़ी सड़कों की रीसेटिंग, सीवर ओवरफ्लो की त्वरित सफाई तथा विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही कर नागरिक सुविधाएं दुरुस्त करने को कहा।
वाराणसी में सीवर, सड़क व स्वच्छता व्यवस्थाओं में त्वरित सुधार के दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। प्रदेश के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद वाराणसी के नोडल मंत्री मा० श्री सुरेश खन्ना ने शनिवार प्रातः पांडेयपुर मलीन बस्ती एवं सरसौली मलीन बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्रीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूलभूत नागरिक सुविधाओं-सड़क, नाली, सीवर, जलनिकासी एवं स्वच्छता व्यवस्था-की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गलियों में उखड़े हुए चौकों (ईंटों/पेवर्स) की समस्या पाई गई, जिस पर मंत्री ने तत्काल रीसेटिंग कराकर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आवासीय बस्तियों में आवागमन बाधित होना प्रशासन की गंभीर लापरवाही मानी जाएगी और कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एक स्थान पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या सामने आने पर मंत्री ने संबंधित विभाग को तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि सीवर लाइन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही जलभराव की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया।
मा० मंत्री ने क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि मलीन बस्तियों में स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने “स्वच्छ सर्वेक्षण” के अंतर्गत वाराणसी की रैंकिंग में सुधार हेतु जनभागीदारी बढ़ाने और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शासन स्तर से आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी, बशर्ते कार्य निष्पादन समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि चिन्हित समस्याओं के समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन प्रारंभ किया जाएगा।



