Achivers

पढ़ाई में घंटे महत्वपूर्ण नहीं, जितना पढ़ो गंभीरता से पढ़ो: प्रिंस पटेल

कानपुर  : उत्तर प्रदेश में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में एक किसान के बेटे ने अव्वल आकर न सिर्फ अपने परिवार का नाम रौशन किया है बल्कि बेहद सीमित संसाधनों में पढ़ाई करने वाले बच्चों के लिये प्रेरक भी बने हैं। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा के शनिवार को घोषित परिणाम में टॉपर रहे प्रिंस पटेल का मानना है कि पढ़ाई में यह महत्वपूर्ण नहीं होता है कि कितने घंटे पढ़ाई की, बल्कि गंभीरता से पढ़ाई कर तथ्यों को दिमाग में बिठाना महत्वपूर्ण होता है।बहुत ही सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रिंस के पिता अजय कुमार, पेशे से किसान हैं और उनकी मां शिवकांति देवी गृहिणी हैं। उनका एक छोटा भाई है जो कक्षा एक का छात्र हैं।

परीक्षा परिणाम आने के बाद से प्रिंस के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है और पूरे गांव में जश्न का माहौल है। इसी बीच प्रिंस ने फोन पर  बताया कि अभी लक्ष्य की पहली सीढ़ी उन्होंने पार की है, लेकिन उनका बड़ा लक्ष्य राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में जाने का है। उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही एनडीए में जाने का सपना देख रहे हैं, जिसे उन्हें पूरा करना है।प्रिंस ने बताया कि बिना किसी कोचिंग का सहारा लिये उन्होंने अपनी हाईस्कूल की परीक्षा की तैयारी की।

उन्होंने अपने अनुभव से कहा कि पढ़ाई कभी समय देखकर नहीं करनी चाहिये। जब मन हो तभी पढ़ना चाहिए जिससे पढ़ाई दिमाग में बैठे।प्रिंस ने बताया कि उनको गणित और विज्ञान दोनों ही विषय बहुत पसंद हैं। दोनों ही विषयों में उन्हें 100 में से 100 अंक हासिल हुए हैं। वहीं प्रिंस के पिता अजय कुमार बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके बेटे की है। उसने परिवार और गांव का नाम रौशन किया है।(वार्ता)

 

Related Articles

Back to top button