जिलास्तरीय फुटबॉल में बहोर धनौती का दमदार प्रदर्शन, महुई पांडेय को 3-0 से हराया
देवरिया के भलुअनी क्षेत्र स्थित बहोर धनौती गांव में चल रहे जिलास्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन बहोर धनौती ने महुई पांडेय को 3–0 से पराजित किया। विकास राजभर ने दो और शम्स परवेज ने एक गोल किया। मुख्य अतिथि विनोद सिंह गुड्डू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
भलुअनी, देवरिया। स्थानीय क्षेत्र के बहोर धनौती गांव स्थित खेल मैदान में आयोजित जिलास्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन गुरुवार को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के तहत महुई पांडेय और बहोर धनौती की टीमों के बीच खेले गए मैच में बहोर धनौती की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत से ही बहोर धनौती की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। प्रथम हाफ में ही टीम के खिलाड़ी विकास राजभर ने दो शानदार गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई, जबकि शम्स परवेज ने एक गोल कर स्कोर को 3–0 तक पहुंचा दिया। पहले हाफ के बाद यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ और बहोर धनौती ने मैच अपने नाम कर लिया।
मैच के मुख्य अतिथि पूर्व उपब्लॉक प्रमुख एवं समाजसेवी विनोद सिंह गुड्डू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल का क्रेज अब तेजी से गांवों तक पहुंच रहा है। ग्रामीण अंचल के नौजवान इस खेल के महत्व को समझ रहे हैं और इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। फुटबॉल जैसे खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी युवाओं को स्वस्थ रखते हैं और अनुशासन की भावना विकसित करते हैं।
मैच में अंपायर की भूमिका विकास राजभर और राधेश्याम यादव ने निभाई, जबकि सधे हुए अंदाज में कमेंट्री शरफुद्दीन अंसारी और रामयादी यादव ने की। आयोजन के दौरान खेल मैदान में उत्साह का माहौल रहा और दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य विद्यासागर यादव, गिरिजेश सिंह, नितीश सिंह, जाकिर अंसारी, रवि प्रताप सिंह, धीरेन्द्र यादव, मो. साहब अंसारी, संजय शर्मा, चंद्रभान शर्मा, रामयादी राजभर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सिवान, बैतालपुर, बरहज बाजार और बहोर धनौती की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। सेमीफाइनल मुकाबले 9 और 10 जनवरी को खेले जाएंगे, जबकि बहुप्रतीक्षित फाइनल मैच 15 जनवरी को आयोजित होगा। यह टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।
भटनी नगर पंचायत में विकास और सुरक्षा पर मंथन, 9 जनवरी को होगी अहम बैठक
काशी में ऐतिहासिक स्वागत से भावुक हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले- कार्यकर्ता ही हमारी असली ताकत



