दुद्धी,सोनभद्र- तहसील क्षेत्र में गैर प्रान्तों से ओवरलोड बालू का परिवहन करते प्रशासनिक टीम ने शुक्रवार की देर रात दर्जन भर वाहनों के खिलाफ कारवाई कर उसे संबंधित थाना क्षेत्र में खड़ा करा दिया| जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम रमेश कुमार के निर्देशन में शुक्रवार की देर रात परिवहन ,खनिज व पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से म्योरपुर,पिपरी एवं हाथीनाला क्षेत्र में आपरेशन चलाया| जांच अभियान में तीनों थाना क्षेत्र में ओवरलोड बालू लदी 13 ट्रक को सीज किया गया|
इसमें हाथीनाला थाना क्षेत्र में जांच के दौरान प्रपत्र पर अंकित मात्रा से अधिक बालू पाए जाने पर दो ट्रकों का चालान किया गया| पिपरी थाना क्षेत्र में बिना अन्तर्राज्यीय परिवहन प्रपत्र के बगैर मिले वाहन का चालान किया गया| जबकि म्योरपुर थाना क्षेत्र में 10 वाहनों के खिलाफ कारवाई की गई| सभी वाहनों को संबंधित थानों के अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया|टीम में एआरटीओ प्रवर्तन पीएस राय , खनिज निरीक्षक बीपी सिंह , खनिज मोहर्रिर लक्ष्मीनारायण के साथ संबंधित थानों के पुलिस मौजूद रहें| एसडीएम के मुताबिक़ यह अभियान समूचे क्षेत्र में नियमित रूप से जारी रहेगा|



