सोनूघाट-बरहज मार्ग बना मौत का रास्ता, गड्ढों से जनता परेशान
भलुअनी, देवरिया में सोनूघाट-बरहज मार्ग की हालत बेहद खराब है। 22 किमी लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। थाना गेट के पास पानी से भरा जानलेवा गड्ढा राहगीरों के लिए खतरा बना है। लोगों ने तत्काल मरम्मत की मांग की है।
- 22 किमी सड़क जर्जर, भलुअनी में गहरे गड्ढे से बढ़ रहा हादसों का खतरा
भलुअनी, देवरिया। सोनूघाट–बरहज मार्ग की हालत इन दिनों अत्यंत दयनीय और चिंताजनक बनी हुई है। लगभग 22 किलोमीटर लंबे इस प्रमुख मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से सड़क मानो अपना अस्तित्व ही खो चुकी है। कई हिस्सों में सड़क बीच से टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों का आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है।
स्थिति यह है कि रोजाना बाइक व साइकिल सवार ही नहीं, बल्कि पैदल चलने वाले लोग भी गड्ढों में गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। सबसे भयावह हालात रात के समय देखने को मिलते हैं, जब अंधेरे में अनजान राहगीरों को सड़क पर बने गहरे गड्ढों का अंदाजा तक नहीं लग पाता। ऐसे में यह मार्ग किसी जानलेवा जाल से कम नहीं रह गया है। स्कूली बच्चों, व्यापारियों और दूर-दराज के गांवों से आने-जाने वाले लोगों के लिए यह सड़क रोजमर्रा की परेशानी के साथ-साथ बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
भलुअनी कस्बे में थाना गेट के उत्तर दिशा में थोड़ी दूरी पर सड़क पर बना करीब दो फीट गहरा और लगभग दस फीट लंबा गड्ढा विशेष रूप से खतरनाक साबित हो रहा है। स्थिति और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि गड्ढे में पूरब पटरी पर स्थित घरों का गंदा पानी बहकर जमा हो जाता है। पानी भर जाने के कारण गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और राहगीर अनजाने में उसमें गिरकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में इसको लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। यूथ ब्रिगेड के संस्थापक संतोष मद्धेशिया वैश्य, अजय मद्धेशिया, चंदन गुप्ता, मृत्युंजय कुमार, संतोष गुप्ता, नागेश्वर वर्मा, सागर वर्मा सहित अन्य कस्बावासियों का कहना है कि इस मार्ग से आए दिन बड़े नेता और आला अधिकारी भी गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति पर किसी का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है, जबकि आमजन अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता। जनता ने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेते हुए सोनूघाट–बरहज मार्ग की मरम्मत, गड्ढों को भरवाने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
देवरिया: बारीपुर धाम में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर



