EducationState

सामाजिक एकता और समानता से विकास का मार्ग प्रशस्त होता है : मुर्मू

मोतिहारी : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को कहा कि सामाजिक एकता और समानता से ही राष्ट्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विचारधाराओं पर प्रकाश डाला और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हर छात्र को समान अवसर मिलना चाहिए और जरूरत पड़ने पर लड़कियों को और अधिक सुविधाएं दी जानी चाहिए ।

उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताये रास्ते पर चलने की अपील करते हुए कहा कि सादगी और सच्चाई समृद्धि के लिए आवश्यक है। विश्वविद्यालय की शिक्षा सच्चे और प्रतिबद्ध समाज सेवकों को तैयार करने के लिए है।श्रीमती मुर्मू ने स्वतंत्रता आंदोलन में चंपारण के गौरवशाली इतिहास और योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के आह्वान पर जाति धर्म का भेद भूल कर सभी एकजुट हुए और ब्रिटिश साम्राज्य को झुकने पर मजबूर कर दिया । उन्होंने बिहार की विविधता पर भी प्रकाश डाला और कहा कि राज्य में पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्रीय विशिष्टता और विशिष्टताओं का उपयोग युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार के लिए किया जा सकता है। इससे ही लोगों का विकास होगा।

दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने 1085 छात्रों और शोधकर्ताओं को डिग्री और पदक प्रदान किए। भारतीय छात्रों के अलावा नेपाल, बांग्लादेश और बुरुंडी के विद्यार्थियों को भी डिग्री दी गई । इनमें दस मेधावी छात्रों और शोधकर्ताओं को स्वर्ण पदक प्रदान किया गपा । समारोह में राष्ट्रपति ने ‘चाणक्य’ फेम अभिनेता और निर्देशक डॉ. चंद्र प्रकाश द्विवेदी तथा पूर्व सांसद और उद्योगपति आर.के. सिन्हा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया।इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की कि सात साल पुराने विश्वविद्यालय को जल्द ही स्थायी भवन मिलेगा ।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीन दिनों के भीतर आवश्यक 300 एकड़ जमीन और आवंटन की सभी प्रक्रिया पूरी कराएगी। जरूरत पड़ी तो विश्वविद्यालय के भवन निर्माण में सरकार भी मदद करेगी । दीक्षांत समारोह को बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने भी संबोधित किया । (वार्ता)

Related Articles

Back to top button