
मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र में आज पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार की तीन महिलाओं समेत छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हैं।।पुलिस सूत्रों ने प्रारंभिक जानकारी के हवाले से बताया कि सिहोनिया थाना क्षेत्र के तहत आने वाले लेपा गांव में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों पर लाठियों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से संघर्ष हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सिंहौनिया सहित आसपास के थानों से भी पुलिस बल लेपा गांव भेजा गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थति बनी हुई है।
संघर्ष में गोली लगने से दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गयी और तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली है।सूत्रों ने कहा कि संघर्ष की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दल बल के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं। लेपा गांव के पास ही एक अन्य गांव स्थित है, जो एक समय चंबल के बीहड़ों के कुख्यात दस्यु सरगना के गांव से जुड़ा हुआ बताया गया है। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर पुराना विवाद था और इस मामले में कम से कम तीन हत्याएं पहले भी हो चुकी हैं। आज जिस पक्ष पर हमला किया गया, उन्हीं पर इन हत्याओं का आरोप है।गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
लेपा गांव के रंजीत तोमर व राधे तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 2014 में दोनों पक्षाें के बीच में विवाद हुआ और रंजीत तोमर के पक्ष ने राधे तोमर के परिवार के दो तीन लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद से रंजीत तोमर का परिवार गांव छोड़कर चला गया था। कुछ दिन पहले ही वह गांव में लौटा तो बदला लेने की नीयत से हमला किया।फायरिंग कर हत्या करने के बाद आरोपित परिवार सहित फरार हो गए। साथ ही गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव का कोई भी व्यक्ति कुछ कहने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। साथ ही आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अभी आरोपित खेतों व बीहड़ों में छिपे हो सकते हैं।
लेपा गांव के पास ही भिड़ोसा गांव है। भिड़ोसा गांव के ही डकैत पान सिंह तोमर थे। जिनके ऊपर फिल्म भी बन चुकी है। पान सिंह तोमर का विवाद भी जमीन को लेकर गांव के लोगों के साथ हुआ था और वह डकैत बने थे। खासबात यह है कि दोनों ही गांवों को जोड़कर यानि लेपा-भिड़ोसा के नाम से जाना जाता है।दिमनी के विधायक रविंद्र तोमर का गांव भी लेपा गांव के पास भिड़ोसा है। इसी गांव के डकैत पान सिंह तोमर थे। इसलिए भी ये गांव जिले में अपनी पहचान रखता है।(वार्ता)(वीएनएस)
https://twitter.com/prashantanandg/status/1654381981067796480
https://twitter.com/brajeshabpnews/status/1654371759448281094



