
नयी दिल्ली : भारत की अध्यक्षता में हाे रहे जी 20 शिखर सम्मेलन से पहले आज यहां वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अमेरिका की वित्त मंत्री जैनेट येलेन ने यहां मुलाकात कर वैश्विक आर्थिक और वित्तीय मुद्दों को संबोधित करने के लिए दोनों देशों के बीच प्रमुख जी 20 प्राथमिकताओं और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।वित्त मंत्रालय ने यहां माइक्रो ब्लागिंग साइट एक्स पर इस संबंध में जानकारी दी। नौ और 10 सितंबर 2023 को दिल्ली में आयोजित होने वाले जी 20 शिखर सम्मेलन की पृष्ठभूमि में यह मुलाकात हुई।
सीतारमण ने नाइजीरिया के मंत्रियों के साथ चर्चा की
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार से राजधानी में हो रहे दो दिवसीय जी- 20 शिखर सम्मेलन की पृष्ठभूमि में आज यहां नाइजीरिया के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री अदेबायो ओलावाले एडुन और नाइजीरिया के बजट और राष्ट्रीय योजना मंत्री अबुबकर अतीकू बागुडु से मुलाकात की।इस दौरान इन मंत्रियों ने कई क्षेत्रों में आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की। श्रीमती सीतारमण ने भारतीय क्रेडिट लाइन, केंद्रीय बैंकों के बीच सहयोग, नीति आयोग के सहयोग के माध्यम से नाइजीरिया के लोगों को उनके विकास पथ में भारत के निरंतर समर्थन से अवगत कराया।नाइजीरियो के मंत्री एडुन ने नाइजीरियाई अर्थव्यवस्था के विकास में भारतीय मूल के नाइजीरियाई नागरिकों के समृद्ध योगदान की सराहना की।(वार्ता)



