NationalState

शाह ने 188 शरणार्थियों को नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान किये

शाह ने अहमदाबाद को दी 1003 करोड़ रु के विकास कार्यों की सौगात

नयी दिल्ली : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत 188 शरणार्थियों को नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान किये।एक अन्य कार्यक्रम में श्री शाह ने अहमदाबाद नगर निगम की लगभग 1003 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन मौकों पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।श्री शाह ने कहा कि सीएए देश में बसे लाखों लोगों को सिर्फ नागरिकता देने का नहीं, बल्कि न्याय और अधिकार देने का कानून है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की तुष्टिकरण की नीति के कारण 1947 से 2014 तक देश में शरण लेने वाले लोगों को अधिकार और न्याय नहीं मिला। इन लोगों को न सिर्फ पड़ोसी देशों में बल्कि यहां भी प्रताड़ना सहनी पड़ी। ये लाखों-करोड़ों लोग तीन-तीन पीढ़ियों तक न्याय के लिए तरसते रहे लेकिन विपक्ष की तुष्टिकरण की नीति के कारण इन्हें न्याय नहीं मिला।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज़ादी के समय भारत का विभाजन धर्म के आधार पर किया गया और उस समय भीषण दंगे हुए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और बंगलादेश में रहने वाले करोड़ों हिंदू, बौद्ध, सिख, जैन और ईसाई समुदाय के लोग अपनी वेदना नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि उस वक्त विभाजन का फैसला करते हुए तत्कालीन सरकार ने वादा किया था कि पड़ोसी देशों से आने वाले हिंदू, बौद्ध, सिख, जैन और ईसाई संप्रदायों के लोगों को भारत की नागरिकता दी जाएगी। श्री शाह ने कहा कि चुनाव आते-आते तत्कालीन सरकार के नेता इन वादों से मुकरते गए और 1947, 1948 और 1950 में किए गए इन वादों को भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार ने इन लोगों को इसी लिए नागरिकता नहीं दी कि इससे उनका वोट बैंक नाराज़ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की नीति के कारण इन लाखों-करोड़ों लोगों को नागरिकता से वंचित रखा गया और इससे बड़ा पाप कोई नहीं हो सकता।

शाह ने अहमदाबाद को दी 1003 करोड़ रु के विकास कार्यों की सौगात

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व रविवार को गुजरात के अहमदाबाद को अनुमानित 1003 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी।अहमदाबाद महानगर पालिका (एएमसी) के अनुमानित 1003 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का कार्यक्रम में ई-लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य सरकार के केबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल, राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा तथा अहमदाबाद की महापौर प्रतिभाबेन जैन भी उपस्थित रहीं।श्री शाह ने श्री भूपेंद्र पटेल सहित उपस्थित महानुभावों ने डोर टु डोर वेस्ट कलेक्शन वैन को झंडी दिखा कर प्रस्थान कराया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ संवाद भी किया।

श्री शाह ने गांधीनगर तथा अहमदाबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अनुमानित 1003 करोड़ रुपए के विभिन्न जनोन्मुखी विकास कार्यों के लोकार्पण तथा शिलान्यास के लिए गुजरात सरकार तथा अहमदाबाद मनपा (एएमसी) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में 730 करोड़ रुपए की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण और चार विकास कार्यों का शिलान्यास सहित अहमदाबाद पूर्व तथा अहमदाबाद पश्चिम संसदीय क्षेत्रों में 18 परियोजनों का लोकार्पण और विकास कार्यों का शिलान्यास आज संपन्न हुआ है। इनमें स्वच्छता, स्वास्थ्य, खेल-कूद, पर्यावरण संक्षरण आदि क्षेत्रों के अनेक विकास कार्य शामिल हैं।उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्ष में राज्य सरकार और एएमसी ने हर वर्ष गांधीनगर संसदीय क्षेत्र के नागरिकों को अनुमानित 5000 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की भेंट दी है, जिसके परिणामस्वरूप अहमदाबाद शहर तथा गांधीनगर संसदीय क्षेत्र हर दिन विकास के नए आयाम पार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की गंभीर समस्याओं के समाधान के रूप में हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रारंभ कराया है। मातृऋण अदा करने के लिए वृक्षारोपण से अच्छा कोई विकल्प या मार्ग नहीं हो सकता।उन्होंने कहा कि एएमसी ने मिशन तीन मिलियन ट्री अंतर्गत केवल 100 दिनों में 30 लाख पेड़-पौधे लगाने का भगीरथ कार्य शुरू किया है। इसी प्रकार देश के विभिन्न शहरों ने इस अभियान को दायित्व के रूप में लेकर एक विशाल जन अभियान में परिवर्तित किया है। अहमदाबाद के लोगों से वृक्षारोपण में सक्रिय रूप से सहभागी होने की अपील करते हुए उन्होंने कहा,“ अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए 100 दिनों में 30 लाख पेड़ लगाने का संकल्प किया है। एएमसी ने शहर में जगह-जगह ऑक्सीजन पार्क बनाए हैं। इस अभियान में शहर के हर नागरिक को अपना सक्रिय योगदान देना चाहिए।

”श्री शाह ने कहा,“ प्रत्येक व्यक्ति अपना नैतिक कर्तव्य समझ कर घर में जितने सदस्य हों, उतने पेड़ भी लगाएँ, तो केवल दो ही वर्ष में शहर को हरियाला बनाया जा सकता है। हमारी सोसाइटी, परती भूमि, बच्चों के स्कूलों में अधिक से अधिक पेड़ लगा कर उनका अपने बच्चे की तरह पालन-पोषण करने का हम सभी आज दृढ़संकल्प करें। हमें ग्लोबल वॉर्मिंग की गंभीर समस्याओं के विरुद्ध समय रहते जागना होगा।”राज्य तथा शहर के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा,“ कुशल नेतृत्व एवं सुशासन के फलस्वरूप लगातार तीसरी बार गुजरात और समग्र देश ने हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी को जनादेश दिया है। आने वाले समय में विकसित अहमदाबाद से विकसित गुजरात बनाने के उद्देश्य के साथ शहर में विकास किया जाएगा।”उन्होंने कहा कि एएमसी लोगों की सुख-सुविधा और ईज ऑफ लिवंग के लिए लगातार कार्य कर रही है। आज प्रारंभ किए गए जिम्नेशियम, स्विमिंग पूल, ऑक्सीजन पार्क आदि विकास कार्य नगरजनों की सुख-सुविधा बढ़ाएंगे।

राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह की जोड़ी सुराज्य यानी गुड गवर्नेंस की प्रेरक है। इसी कारण देश की जनता ने प्रधानमंत्री को लगातार तीसरी बार सुशासन का दायित्व सौंपा है। उन्होंने कहा कि आज का यह विकास परियोजनाओं के लोकार्पण- शिलान्यास का कार्यक्रम सुराज्य की इन दोनों की नीति-रीति को धरातल पर साकार करने वाला कार्यक्रम है।विभिन्न विकास परियोजनाओं की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री अमित शाह आज एक ही दिन में गांधीनगर संसदीय तथा अहमदाबाद मनपा क्षेत्र में जनता को लगभग 1003 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की भेंट दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता पर्व पर अपने संबोधन में देश के मध्यम वर्गीय परिवारों को क्वॉलिटी ऑफ लाइफ देकर विकसित भारत का निर्माण करने की बात कही थी। उसी दिशा में आज नगरजनों की क्वॉलिटी ऑफ लाइफ तथा ईज ऑफ लिविंग बढ़ाने वाली विकास परियोजनाएँ शुरू की गई हैं।

श्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि स्वच्छता तथा सुख-सुविधा की विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से स्मार्ट सिटी और मेगा सिटी अहमदाबाद अधिक से अधिक सुविधायुक्त एवं जनप्रिय बनेगा। उन्होंने कहा कि श्री शाह रक्षाबंधन से पूर्व शहर की माताओं, बहनों और उनके परिवारों को विभिन्न विकास कार्यों की भेंट दे रहे हैं। वेजिटेबल मार्केट, स्विमिंग पूल, पिंक टॉयलेट, ऑक्सीजन पार्क, फ्लाईओवर ब्रिज आदि विकास परियोजनाएँ नगरजनों के ईज ऑफ लिविंग में वृद्धि करेंगी।उन्होंने परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एएमसी द्वारा गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में 676 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास संपन्न हुआ है, जबकि अहमदाबाद शहर में 267 करोड़ रुपए के विकास कार्यो का लोकार्पण व 49 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से अहमदाबाद को स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना से 80 करोड़ रुपए तथा सड़क- मार्ग के कार्यों के लिए 277.60 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

श्री अमित शाह ने आदर्श सांसद के रूप में अहमदाबाद और गांधीनगर संसदीय क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर परिश्रम किया है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने ग्रीन ग्रोथ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह अनूठा अभियान शुरू करवाया है। इस अभियान में लीड लेते हुए एएमसी ने मिशन थ्री मिलियन ट्री अंतर्गत 100 दिनों में 30 लाख पेड़-पौधे लगाने का संकल्प किया है। शहर के 48 वॉर्डों तथा सात जोन में एएमसी द्वारा निरंतर वृक्षारोपण किया जा रहा है। इस दिशा में आज श्री शाह ने भी वृक्षारोपण करके योगदान दिया है।इसके साथ ही उन्होंने आजादी के अमृतकाल को देश के विकास का कर्तव्य काल बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार दिन-प्रतिदिन विकास के नए आयामों को पार कर रही है और अपना योगदान दे रही है।

इससे पूर्व कार्यक्रम के आरंभ में अहमदाबाद की महापौर प्रतिभाबेन जैन ने उपस्थित महानुभावों का स्वागत करते हुए कहा कि अहमदाबाद मनपा वर्ष 2047 तक विकसित अहमदाबाद से विकसित गुजरात और विकसित गुजरात से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रतिबद्ध है।श्रीमती जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एएमसी के विभिन्न वॉर्डों में नगजरनों की सुख-सुविधाएँ बढ़ाने वाली विभिन्न 45 परियोजनाएँ आज जनता को समर्पित की जाएंगी।श्री शाह ने आज अहमदाबाद में सिंधु भवन रोड के पास नवनिर्मित ऑक्सीजन पार्क एवं तालाब, मकरबा में नवनिर्मित स्विमिंग पूल औश्र जिम्नेशियम का भी लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त अहमदाबाद मनपा के विभिन्न वॉर्डों में पिंक टॉइलेट, ओवरब्रिज, डोर टु डोर वेस्ट कलेक्शन वैन सहित रोड प्रोजेक्ट, बिल्डिंग प्रोजेक्ट, ड्रैनेज प्रोजेक्ट, वॉटर प्रोजेक्ट, मनपा स्कूल बोर्ड से जुड़े विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण-शिलान्यास किया गया।

इस कार्यक्रम में अहमदाबाद के सांसद हसमुखभाई पटेल, दिनेशभाई मकवाणा तथा नरहरिभाई अमीन, अहमदाबाद के विधायक, अहमदाबाद मनपा आयुक्त एम. थेन्नारसन, उप महापौर जतिनभाई पटेल, मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांगभाई दाणी, पार्षद, एएमसी अधिकारी-कर्मचारी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button