भूखे चेहरों पर मुस्कान बनी ‘संकल्प’ की सेवा, खिचड़ी प्रसाद और शीतल जल का वितरण
वाराणसी के चौक में संकल्प संस्था द्वारा संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र के तहत नियमित खिचड़ी प्रसाद एवं शीतल जल सेवा आयोजित हुई। भगवान संकटमोचन हनुमान जी को भोग अर्पित कर सेवा शुरू की गई। श्रद्धालुओं, राहगीरों और जरूरतमंदों ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था ने सेवा, अपनत्व और मानवीय संवेदना का संदेश देते हुए जनसहयोग से अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया।
वाराणसी। सेवा केवल किसी जरूरतमंद को भोजन कराने का नाम नहीं, बल्कि उसके जीवन में अपनत्व, सम्मान और उम्मीद का भाव जगाने का माध्यम है। इसी मानवीय भावना को निरंतर आगे बढ़ाते हुए संकल्प संस्था द्वारा संचालित ‘संकल्प अन्न क्षेत्र’ के तत्वावधान में शनिवार को चौक स्थित कन्हैयालाल गुलालचंद सर्राफ प्रतिष्ठान के समक्ष नियमित खिचड़ी प्रसाद वितरण एवं शीतल जल सेवा का आयोजन किया गया।
सेवा के इस पुनीत आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। तपती गर्मी के बीच शीतल जल और श्रद्धाभाव से वितरित खिचड़ी प्रसाद ने लोगों को राहत देने के साथ ही सेवा और संवेदना का सुखद एहसास कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री संकटमोचन हनुमान जी को भोग अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात श्रद्धा एवं सेवाभाव के साथ खिचड़ी प्रसाद और शीतल जल का वितरण शुरू हुआ। संस्था के सदस्यों ने पूरी आत्मीयता के साथ लोगों की सेवा की और यह संदेश दिया कि समाज में बदलाव की शुरुआत बड़े संसाधनों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे मानवीय प्रयासों से होती है।

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि निरंतर सेवा का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के साथ अपनत्व, सहयोग और मानवीय संवेदना साझा करना है। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प अन्न क्षेत्र’ की सेवा यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है और जनसहयोग एवं सेवा भावना के बल पर यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जब किसी जरूरतमंद के चेहरे पर भोजन मिलने के बाद संतोष दिखाई देता है, तो वही सेवा की सबसे बड़ी सफलता होती है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर ऐसे सेवा अभियानों से जुड़ना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों तक सहायता और सम्मान दोनों पहुंच सकें। इस आयोजन में श्रीमती मृदुला रानी अग्रवाल, डॉ. सतीश पांडे एवं उनकी पत्नी का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर गिरधर दास अग्रवाल (मद्रास क्लॉथ सेंटर), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), श्रीमती रमन लता अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, संजय अग्रवाल (गिरिराज), राजेंद्र अग्रवाल (माड़ी वाले), लल्लन चुरमुरा, अमित श्रीवास्तव, प्रमोद, रितिक, भैयालाल सहित संस्था के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यूपी में कैब-डिलीवरी सेवाओं पर योगी सरकार का बड़ा फैसला, नए नियम लागू
निवेश से आगे ग्लोबल फ्यूचर की ओर बढ़ रही यूपी-जापान साझेदारी: सीएम योगी



