
अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीद से शेयर बाजार में धमाका, सेंसेक्स 1,695 अंक उछला
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीद से शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 1,695 अंक उछलकर 75,527.95 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 461 अंक बढ़कर 23,622.90 पर पहुंच गया। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियल्टी और तेल-गैस क्षेत्र के शेयरों में मजबूत खरीदारी रही। बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, इंडिगो और एचडीएफसी बैंक प्रमुख बढ़त वाले शेयर रहे। निवेशकों की सकारात्मक धारणा से बाजार में व्यापक तेजी दर्ज की गई।
मुंबई : अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की उम्मीद में शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 1,695 अंक ऊपर बंद हुआ।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि ईरान के साथ शांति वार्ता में काफी प्रगति हुई है और इस सप्ताहांत पर समझौता संभव है, दुनिया भर में शेयर बाजारों में तेजी रही और कच्चा तेल गिर गया। हालांकि ईरान ने ऐसी किसी ठोस प्रगति से इनकार किया है।
ट्रंप के बयान से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से सेंसेक्स 876 अंक चढ़कर खुला। दोपहर बाद बाजार में लिवाली और बढ़ी। अंत में यह 1,695.40 अंक (2.30 प्रतिशत) की बढ़त में 75,527.95 अंक पर बंद हुआ। यह 29 मई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,622.90 अंक पर बंद हुआ जो 27 मई के बाद का इसका सबसे ऊंचा बंद स्तर है। चौतरफा लिवाली के बीच वृहत बाजार में भी तेजी रही।
निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.37 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.80 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक ऊपर रहे। बैंकिंग, वित्त, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियल्टी, ऑटो और तेल एवं गैस सेक्टरों में निवेशकों ने खूब पैसा लगाया।सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर साढ़े पांच फीसदी से अधिक चढ़ा। एलएंडटी तथा इंडिगो में साढ़े चार से पांच प्रतिशत तक और टाइटन, इटरनल तथा एचडीएफसी बैंक में साढ़े तीन से चार प्रतिशत तेजी रही।
बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर दो से तीन प्रतिशत के बीच चढ़े।टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनीलिवर और बीईएल के शेयर एक से दो प्रतिशत की बढ़त में रहे। एनटीपीसी और सन फार्मा में भी तेजी रही।टेक महिंद्रा का शेयर सवा दो फीसदी टूट गया। पावरग्रिड भी लाल निशान में बंद हुआ। (वार्ता)
मॉनसून क्यों थमा? 40 डिग्री जैसी गर्मी से बेहाल लोग, जानिए कब होगी झमाझम बारिश
गरीब से लेकर जवान तक… योगी ने बताया 12 साल में कैसे बदली देश की तस्वीर



