
मुंबई : वैश्विक स्तर से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू स्तर पर हेल्थकेयर, रियलटी, एफएमसीजी, पावर और यूटिलिटी जैसे समूहों में हुयी लिवाली के बल पर शेयर बाजार आज लगातार पांचवें दिन बढ़त हासिल करने में सफल रहा।बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 169.87 अंक चढ़कर 60300.58 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 44.35 अंक बढ़कर 17813.60 अंक पर रहा।
इस दौरान मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली का जोर रहा जिससे बीएसई का मिडकैप 0.27 प्रतिशत बढ़कर 25028.96 अंक पर और स्मॉलकैप 0.34 प्रतिशत बढ़कर 28479.34 अंक पर रहा।बीएसई में शामिल समूहों में से आईटी 8.76 प्रतिशत और टेक 8.67 प्रतिशत , टेलीक्युनिकेशंस 2.74 प्रतिशत की गिरावट में रही। इस दौरान रियलटी 8.37 प्रतिशत, एफएमसीजी 4.23 प्रतिशत, हेल्थकेयर 4.68 प्रतिशत, पावर 4.22 प्रतिशत और यूटिलिटी 4.07 प्रतिशत की बढ़त में रहा।
बीएसई में कुल 3631 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 1914 कंपनियों में तेजी जबकि 1578 में गिरावट दर्ज की गयी। 139 कंपनियों में कोई बदलाव नहीं हुआ।वैश्विक स्तर पर ब्रिटेन का एफटीएसई 0.26 प्रतिशत, जर्मनी का डैक्स 0.53 प्रतिशत, जापान का निक्केई 0.71 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.02 प्रतिशत की गिरावट में रहा। इस दौरान हांगकांग का हैंगसेंग 0.71 प्रतिशत की बढ़त में रहा। बीएसई का सेंसेक्स 43 अंकाें की गिरावट लेकर 60087.98 अंक पर खुला।
इसके बाद यह 59954.91 अंक के निचले स्तर तक उतरा लेकिन इसी दौरान लिवाली शुरू होने से यह 60362.79 अंक के उच्चतम स्तर तक चढ़ा। अंत में यह पिछले दिवस के 60130.71 अंक की तुलना में 0.28 प्रतिशत अर्थात 169.87 अंकों की बढ़त के साथ 60300.58 अंक पर रहा।सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से 21 में तेजी रही जबकि नौ को नुकसान उठाना पड़ा।एनएसई का निफ्टी मामूली दो अंकों की गिरावट लेकर 17767.30 अंक पर खुला।
सत्र के दौरान यह 17827.75 अंक के उच्चतम और 17711.20 अंक के निचले स्तर के बीच रहा। अंत में यह पिछले दिवस के 17769.25 अंक की तुलना में 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17813.60 अंक पर रहा।निफ्टी में शामिल 50 कंपनियों में से 33 हरे निशान में जबकि 17 लाल निशान में रही।(वार्ता)



