
भवन निर्माण में साडा के कर्मचारियों द्वारा लोगो को प्रताड़ित करने का आरोप
सौ वर्ग मीटर तक भवन निर्माण में छूट होने के बावजूद परेशान करने पर बिफरे भाजपा नेता
दुद्धी, सोनभद्र – शक्तिनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों द्वारा नक्शा के नाम पर नियम विरुद्ध गरीबों का शोषण किया जा रहा है।उक्त बातें भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री व डीसीएफ चेयरमैन सुरेंद्र अग्रहरि ने पत्रकारों से बातचीत के दरम्यान कही।उन्होंने कहा कि सोन नदी के दक्षिण में शक्तिनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) का क्षेत्र आता है। जिसका कार्यालय पिपरी में स्थित है।लेकिन साडा द्वारा विकास के नाम पर सभी स्थानों पर कार्य कराए जाते हैं।
साडा के कर्मचारियों द्वारा 100 वर्गमीटर के अन्दर बनवाए जा रहे भवन निर्माण में लोगों को परेशान किया जा रहा है। जबकि उत्तर प्रदेश मेला अधिनियम 1938 के अंतर्गत घोषित मेला क्षेत्र को छोड़कर, नगर के पुराने व निर्मित क्षेत्र में 100 वर्गमीटर तक के भूखण्डों पर आवासीय भवनों के निर्माण, पुनर्निर्माण व जीर्णोद्धार के लिए किसी भी प्रकार की मानचित्र स्वीकृति की आवश्यकता नहीं होगी। किन्तु प्रतिबंध यह होगा कि महायोजना व भवन उपविधियों आदि के छोड़े गये सेट बैक एवं निर्माण तीन मंजिला से अधिक न हो व अनाधिकृत रूप से विभाजित न हो। श्री अग्रहरि ने बताया कि कई जगहों से शिकायत मिल रही है कि दुद्धी नगर पंचायत के साथ साथ गांवों में भी दलालों की सूचना पर एक दो कमरों के निर्माण कराने वाले लोगों को भी जाकर परेशान किया जा रहा है, जो उचित नहीं है।उन्होंने साडा के कर्मचारियों को आगाह करते हुए कहा है कि किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए अन्यथा इसकी शिकायत जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक की जाएगी।



