यूपी में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें बेबुनियाद, सप्लाई पूरी तरह सामान्य: सरकार
उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सभी जिलों में पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार का संकट नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें और भ्रामक खबरों से दूर रहें।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच राज्य सरकार ने गुरुवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का स्पष्ट संदेश दिया है। सरकार ने कहा है कि प्रदेश के सभी जिलों में ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और कहीं भी किसी प्रकार का संकट नहीं है।
प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता मांग के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा गया है, जिससे किसी भी जिले में आपूर्ति बाधित न हो।
सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें। प्रशासन के अनुसार हाल के दिनों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर ईंधन संकट की झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, जिससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर लगातार नजर रखें। साथ ही, जहां भी आवश्यकता हो, वहां अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद और भंडारण से सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ता है, जिससे कृत्रिम कमी की स्थिति बन सकती है। इसलिए लोगों से संयम बरतने और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदने की अपील की गई है।
इस बीच, लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य एवं एसआर फिलिंग स्टेशन (इंजीनियरिंग कॉलेज) के मालिक सर्वेश वाजपेई ने भी स्थिति को सामान्य बताते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और आम लोगों को किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रदेश सरकार ने दोहराया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और पेट्रोल-डीजल को लेकर प्रदेश में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
तकनीक से परहेज कर दुर्गति की ओर नहीं जाना, करना है प्रगति का अनुसरण: मुख्यमंत्री



