रोमानिया के मेयर ने देखा काशी का डिजिटल कमांड सेंटर, वाराणसी मॉडल पर हुई खास चर्चा
रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर Vasile Carare ने वाराणसी के “काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर” का भ्रमण किया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, सिटी सर्विलांस और ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली की जानकारी दी। दौरे के दौरान शहरी विकास और प्रशासनिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई।
- सिटी सर्विलांस से स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम तक ICCC की कार्यप्रणाली से प्रभावित हुए वासिले कारारे
वाराणसी : रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर वासिले कारारे ने सोमवार को “काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर” (ICCC) का भ्रमण किया। इस अवसर पर वाराणसी की प्रमुख शहरी परियोजनाओं, स्मार्ट सिटी पहलों और प्रशासनिक नवाचारों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम की कार्यप्रणाली से हुए प्रभावित
मेयर कारारे ने सर्वप्रथम काशी ICCC की समग्र कार्यप्रणाली को समझा। उन्हें सिटी सर्विलांस नेटवर्क, फ़ेशियल रिकग्निशन सिस्टम, इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, पब्लिक एड्रेस एवं वेरिएबल मैसेज सिस्टम, बीट मैपिंग तथा आपदा प्रबंधन तंत्र के बारे में विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
नगर आयुक्त एवं सीईओ, वाराणसी स्मार्ट सिटी हिमांशु नागपाल ने बताया कि किस प्रकार यह सेंटर शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण, स्वच्छता प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण में केंद्रीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धार्मिक नगरी काशी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और दर्शनार्थी आते हैं, जिन्हें सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर संवाद
भ्रमण के दौरान वाराणसी नगर निगम और स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। मेयर कारारे ने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, डिजिटल निगरानी प्रणाली और स्वच्छता मॉडल में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मेयर कारारे का अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त संगम लाल, मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ऑपरेशन गंगा में निभाई थी अहम भूमिका
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 के रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान मेयर वासिले कारारे ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए फंसे भारतीय छात्रों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने मिलिशौती सिटी के स्पोर्ट्स हॉल को अस्थायी आश्रय गृह में परिवर्तित कर लगभग 1,500 छात्रों के ठहरने की व्यवस्था कराई थी।
यह प्रयास भारत सरकार के ऑपरेशन गंगा मिशन का हिस्सा था, जिसके अंतर्गत रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और मोल्दोवा के रास्ते 22,500 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया था।
अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में कदम
मेयर कारारे का यह दौरा भारत-रोमानिया संबंधों और शहरी प्रशासन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वाराणसी की स्मार्ट और समेकित शहरी प्रबंधन प्रणाली ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है।
इस अवसर पर दोनों पक्षों ने भविष्य में शहरी विकास, डिजिटल प्रबंधन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक संवाद किया।
गोरखपुर में नरसिंह शोभायात्रा का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की पूजा-अर्चना



