टप्पेबाजों की गिरफ्तारी से व्यापारियों में राहत, भलुअनी पुलिस का किया सम्मान
भलुअनी, देवरिया में टप्पेबाजी की घटनाओं से बाजार में फैली चिंता के बीच भलुअनी पुलिस की सक्रियता से सभी टप्पेबाजों की गिरफ्तारी से व्यापारियों में राहत का माहौल बना। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से प्रसन्न होकर व्यापारियों ने थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय को अंगवस्त्र व स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया। पुलिस ने बरहज, खुखुन्दू व देवरिया की संयुक्त टीम बनाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जिससे बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व विश्वास की भावना और मजबूत हुई।
- संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई से बढ़ा व्यापारियों का भरोसा, थानाध्यक्ष प्रदीप पांडेय को अंगवस्त्र व स्मृतिचिह्न भेंट
भलुअनी, देवरिया। भलुअनी कस्बे में हाल के दिनों में हुई टप्पेबाजी की घटनाओं से जहां बाजार के व्यापारियों और ग्राहकों में भय व चिंता का माहौल बना हुआ था, वहीं भलुअनी पुलिस की सक्रियता और तत्पर कार्रवाई से इस मामले का सफल खुलासा होने पर व्यापारिक समुदाय में राहत की सांस ली गई। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही से प्रसन्न होकर स्थानीय व्यापारियों ने थानाध्यक्ष को अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया और भलुअनी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने व्यापारियों द्वारा किए गए सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन और व्यापारियों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग का रिश्ता समाज में शांति एवं सुरक्षा की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सदैव व्यापारियों एवं आम जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व भलुअनी कस्बे में लगातार दो महिलाओं के साथ टप्पेबाजी की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे बाजार क्षेत्र में आक्रोश और असुरक्षा की भावना फैल गई थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष भलुअनी प्रदीप कुमार पांडेय के नेतृत्व में बरहज, खुखुन्दू, भलुअनी व देवरिया पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। संयुक्त अभियान के तहत मामले में संलिप्त सभी टप्पेबाजों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस प्रभावी और त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। इस अवसर पर पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संतोष मद्धेशिया वैश्य सहित वरिष्ठ व्यवसायी भरत वर्मा, मनोज मद्धेशिया, भगवानदास मद्धेशिया, लक्ष्मण वर्मा, दिनेश गुप्ता, प्रवीण शाही, रामप्रवेश मद्धेशिया, लोकेश सिंह तथा अन्य व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की खुले दिल से सराहना की और बधाई देते हुए कहा कि ऐसी सजग और जिम्मेदार पुलिसिंग से ही समाज में कानून व्यवस्था मजबूत होती है।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि भलुअनी पुलिस की यह तत्परता न केवल अपराधियों के हौसले पस्त करेगी, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना को भी और अधिक सुदृढ़ करेगी। इस पूरे घटनाक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब पुलिस और समाज एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करते हैं, तो अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
देवरिया पुलिस का बड़ा एक्शन: टप्पेबाजी-छिनैती गिरोह का भंडाफोड़, चार शातिर गिरफ्तार
भलुअनी में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि



