
राम मंदिर युगों तक अविरल सनातन संस्कृति का प्रतीक रहेगा: अमित शाह
मोदी ने सनातन संस्कृति का नया अध्याय प्रारंभ किया : राजनाथ
नयी दिल्ली :केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अयोध्या में नव निर्मित राम मंदिर में राम लला विराजमान के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के बाद सोमवार को यहां कहा कि यह करोड़ों रामभक्तों के लिये कभी ना भूलने वाला दिन है और यह मंदिर युगों-युगों तक अविरल अविनाशी सनातन संस्कृति का प्रतीक रहेगा।अयोध्या में इस अनुष्ठान के संपन्न होने के बाद श्री शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा , “ पांच सदी की प्रतीक्षा और प्रतिज्ञा आज पूर्ण हुई। आज का दिन करोड़ों रामभक्तों के लिये कभी ना भूलने वाला दिन है। आज जब हमारे रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं, तब असंख्य रामभक्तों की तरह मैं भी भावविभोर हूँ। इस भावना को शब्दों में समेट पाना संभव नहीं है। इस पल की प्रतीक्षा में न जाने हमारी कितनी पीढ़ियाँ खप गईं, लेकिन कोई भी डर और आतंक रामजन्मभूमि पर फिर से मंदिर बनाने के संकल्प और विश्वास को डिगा नहीं पाया।
आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में यह संकल्प सिद्ध हुआ है। इसके लिये मैं हृदय की गहराइयों से उनका आभार व्यक्त करता हूँ।”एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा , “ आज के इस पावन दिन मैं सदियों तक इस संघर्ष और संकल्प को जीवित रखने वाले महापुरुषों को भी नमन करता हूँ, जिन्होंने अनेक अपमान और यातनाएँ सहीं, पर धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा। विश्व हिंदू परिषद्, हजारों श्रेष्ठ संत और असंख्य नामी-गुमनामी लोगों के संघर्ष का आज सुखद व सुफल परिणाम आया है।यह विशाल श्रीराम जन्मभूमि मंदिर युगों-युगों तक अविरल अविनाशी सनातन संस्कृति का अद्वितीय प्रतीक रहेगा।जय श्री रामजय श्री राम…। ”उल्लेखनीय है कि श्री शाह ने इस अवसर पर यहां बिड़ला मंदिर में पूजा अर्चना की।
मोदी ने सनातन संस्कृति का नया अध्याय प्रारंभ किया : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्र प्रथम की राजनीतिक साधना और शास्त्रोचित नियमों के पालन के बाद अयोध्या में राम लला विराजमान की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान संपन्न हुआ है और इससे सनातन संस्कृति का नया अध्याय प्रारंभ होगा।श्री सिंह ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सोशल मीडिया मंच पर अपने पोस्ट में कहा , “ कमलनयन प्रभु श्रीराम, आज अयोध्या धाम में नूतन विग्रह में प्राण-प्रतिष्ठा के साथ, अपने दिव्य एवं भव्य मंदिर में स्थापित हुए। हनुमान के राम, तुलसीदास के राम, निषादराज के राम, अहिल्या के राम, शबरी के राम, त्यागराज के राम, गाँधी के राम, हम सबके राम, अखिल मानवता के राम!
”उन्होंने कहा , “ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की कई दशकों की राष्ट्र प्रथम की राजनीतिक साधना एवं 11 दिनों के शास्त्रोचित यम-नियम के पालन के पश्चात रामलला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का विशाल अनुष्ठान संपन्न हुआ। मोदीजी की यह सफल साधना, उन पर प्रभु श्री राम की कृपा से ही संभव हो सकती है। श्रीराम कृपा से मोदीजी ने आज सनातन संस्कृति के नये अध्याय का प्रारंभ किया है, एक नये युग का प्रवर्तन किया है।श्रीरामचरितमानस में कहा गया है कि जिस पर राम कृपा होती है, उस पर सब की कृपा होती है। श्रीराम कृपा से मोदी जी, भारतवासियों को सुख, समृद्धि और सफलता के शिखर तक ले जायें, ऐसी मेरी मनोकामना है। जय सिया राम !”उल्लेखनीय है कि श्री सिंह ने इस अवसर पर दरियागंज के एक मंदिर में पूजा अर्चना की ।
अयोध्या में त्रेतायुग की झलक से सनातनी अह्लादित : आचार्य पाण्डे
सनातन धर्म रक्षक समिति के सलाहकार आचार्य सरस्वती प्रसाद पाण्डे ने सोमवार को कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा का अद्भुत नजारा देख देश-दुनिया में सनातनियों का मन त्रेतायुग की कल्पना कर अह्लादित हो गया है।आध्यात्म, आस्था और श्रद्धा के माघ मेला में एक मुलाकात में आचार्य सरस्वती प्रसाद पाण्डे ने बताया कि दिव्य और भव्य राम मंदिर में भगवत रामलला का प्राण प्रतिष्ठा और साज-सज्जा देखकर कलयुग की अयोध्या में एक बार फिर से त्रेतायुग की झलक महसूस हो रही है। ये सब देखकर लग रहा है कि त्रेतायुग में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या वापसी पर इसी प्रकार खुशियां मनाई गयी होंगी।
श्री पाण्डे ने रामचरित मानस की चौपाई “सुमन बृष्टि नभ संकुल भवन चले सुखकंद, चढ़ी अटारिन्ह देखहिं नगर नारि नर बृंद।” “कंचन कलस बिचित्र संवारे। सबहिं धरे सजि निज निजद्वारे, बंदनवार पताका केतू। सबन्हि बनाए मंगल हेतू।” “बीथीं सकल सुगंध सिंचाई।गजमनि रचि बहु चौक पुराईं, नाना भांतिसुमंगल साजे। हरषि नगर निसान बहु बाजे।”“जहं तहंनारि निछावरि करहीं। देहिं असीस हरष उर भरहीं, कंचन थार आरतीं नाना। जुबतीं सजें करहिं सुभ गाना।” “होहिं सगुन सुभबिबिधि बिधि बाजहिं गगन निसान। पुर नर नारि सनाथ करि भवन चले भगवान।” का उदाहरण देते हुए वनवास से वापस लौटने वाली खुशी बताई।आचार्य ने बताया कि राम से बड़ा राम के नाम का महत्व है। वह भारतीय अस्मिता की पहचान है और वह किसी भी धर्म, संप्रदाय, समय और काल से परे हैं। त्रेतायुग में उन्होंने भले ही अवतार लिया, लेकिन उनके जीवन मूल्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युग, साल, महीने, दिन, सब क्रमवार बदलते गए लेकिन अगर कुछ नहीं बदला, तो वो है श्रीरामलला के लिए लोगों की श्रद्धा, और प्रेम।
उन्होंने श्रीराम को हमारी आत्मा का प्रतीक तो लक्ष्मण सजकता, माता सीता को मन प्रतीक बताया है।श्री पाण्डे ने बताया कि अयोध्या का श्रीराम मंदिर भारत का ऐतिहासिक प्रतीक बन गया है। अयोध्या में विवादित बाबरी मस्जिद का निर्माण मुगल शासक बाबर के जनरल मीर बकी ने 1528 में करवाया था किंतु कारसेवकों की बेकाबू भीड़ पर 1990 में तत्कालीन मुलायम सिंह सरकार के शासनकाल में चली गाेलियाें की दबी चिंगारी ने शोला बनकर छह दिसंबर, 1992 को अयोध्या में 16वीं सदी की बाबरी मस्जिद को ढहा दिया। आज भव्य और दिव्य राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हो गयी। कलयुग का 2024 अयोध्या में त्रेतायुग की वापसी का ऐतिहासिक साल बन गया।लगभग 500 वर्षों में न जानें कितने लोगों ने अपने आराध्य के इंतजार में जान गंवा दी। कई पीढ़ियों की आस आज पूरी हो रही है। आखिरकार आज मंगल बेला आ ही गई। रामलला के इंतजार में पलकें बिछाए बैठे लोगों में आज अपने आराध्य के लिए उस युग जैसी भक्ति और जुनून महसूस किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया हर्षाेल्लास के साथ
अयोध्या में वर्षों के इंतजार के बाद भव्य राममंदिर में प्रभुश्रीराम के बालविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव सोमवार को समूचे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।इस अवसर पर झांसी, मुरादाबाद, कौशांबी, प्रयागराज और देवरिया सहित प्रदेश के सभी जिलों से भव्य कार्यक्रमाें के आयोजन की सूचना है। सभी जगह मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया, सुंदर कांड व अखंड रामायण के पाठ के साथ साथ भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम के समय दीपोत्सव कर आयोजन किया गया। इतना ही नहीं लोगों ने जगह जगह पर आतिशबाजी कर इस भव्य आयोजन को लेकर अपनी अपनी खुशी का इजहार किया।
राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर खुश हैं गुरमीत और देबिना
टीवी सीरियल रामायण में राम-सीता का किरदार निभाने वाले गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर अपनी खुशी जाहिर की है।अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरा देश राममय हो गया है। गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर अपनी खुशी जाहिर की है।
रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होकर खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं चिरंजीवी
दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार चिरंजीवी अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होकर खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं।अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में कई बड़ी फिल्मी हस्तियां भी हिस्सा लेने के लिए आयोध्या पहुंचीं। चिरंजीवी अपने बेटे राम चरन के साथ राम जन्मभूमि पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह भाग्यशाली हैं, जो भगवान ने उन्हें यह अवसर दिया। उन्होंने बताया कि वह हनुमान के भक्त हैं और ऐसा लग रहा है कि बजरंगववी ने उन्हें पर्सनली बुलाया है। राम चरण ने भी कहा कि कई साल से इस दिन का इंतजार था। यह भावुक करने वाला पल है। यह बहुत मुश्किल से मिलने वाला मौका है। मैं अभिभूत हूं। मैं भाग्यशाली हूं कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है। यह जीवनभर इतिहास में याद रखा जाएगा। ईश्वर की कृपा है कि हम इस शुभारंभ के गवाह बने।
रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनकर खुद को बहुत धन्य महसूस कर रही हैं हेमा मालिनी
बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हेमा मालिनी अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनकर खुद को बहुत धन्य महसूस कर रही हैं।अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देश के साथ ही बॉलीवुड सितारे भी जश्न मना रहे है। हेमा मालिनी अपने दामाद वैभव के साथ अयोध्या राम मंदिर पहुंची। हेमा मालिनी ने राम मंदिर के प्रांगण से तस्वीरें शेयर की हैं। हेमा मालिनी ने कभी हाथ जोड़े तो कभी मंदिर पर फूलों से लिखे ‘जय श्री राम’ की तस्वीर शेयर की। तस्वीरो के साथ हेमा मालिनी ने कैप्शन लिखा कि वह इस ऐतिहासिक और धार्मिक पल की साक्षी बनकर खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। पिछले 500 सालों से इस दिन का इंतजार हो रहा था।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की खुशी में कंगना ने लगाये ‘श्रीराम’ का जयकारा’
बॉलीपुड अभिनेत्री कंगना रनौत अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पूरी होने पर बेहद खुश है।अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे देश के साथ ही बॉलीवुड सितारे भी जश्न मना रहे है। बॉलीवुड सितारों ने 500 साल के संघर्ष के बाद राममंदिर में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा पर अपनी खुशी जाहिर की है। इस मौके पर कंगना रनौत ने अयोध्या से अपना एक वीडियो भी शेयर किया है।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अनुराधा पौडवाला ने गाया श्रीराम का भजन
बॉलीवुड की जानमानी पार्श्वगायिका अनुराधा पौडवाल ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में श्रीराम का भजन गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।अयोध्या के साथ आज पूरा देश राममय हो गया है। लोग प्रभु श्रीराम के भक्ति में डूबे हुए हैं।भगवान श्री राम अब अयोध्या में विराजमान हैं।अयोध्या में रामलला के प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए कई फिल्मी सितारे रामनगरी अयोध्या पहुंचे।अनुराधा पौडवाल ने श्रीराम मंदिर में भगवान राम के भजन गाए।उनकी मधुर आवाज में राम भजन सुन वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए।अनुराधा पौडवाल के साथ उनकी बेटी और गायिका कविता पौडवाल भी नजर आईं। उन्होंने बेटी कविता पौडवाल के साथ मिलकर राम जन्मभूमि अयोध्या में रामलला के भजन गाकर, वहां मौजूद लोगों को ओर भक्तिमय कर दिया।
तीनों लोक में मनाया जाने वाला आज का पवित्र दिन: कैलाश
प्रसिद्ध पार्श्वगायक कैलाश खेर ने अयोध्या राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अपना उत्साह व्यक्त किया और इसे ‘तीनों लोक’ में मनाया जाने वाला एक पवित्र दिन बताया।उत्तर प्रदेश के इस पवित्र शहर में भव्य समारोह में सहभागिता के लिए कैलाश के अलावा संगीत जगत से जुड़े प्रमुख हस्तियां अनु मलिक, शंकर महादेवन, आशा भोंसले और सोनू निगम जैसे गायक भी यहां पहुंची हैं।
लाखों लोगों के बलिदान के बाद राम लला आ रहे हैं : विवेक ओबेरॉय
बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने कहा कि लाखों लोगों की कड़ी तपस्या और बलिदान के बाद 500 साल के वनवास के बाद राम लला अपने घर आ रहे हैं।राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए बॉलीवुड के कई सेलेब्रिटीज अयोध्या पहुंचे हुए हैं। विवेक अबोरॉय कहा कि खुशी की बात है कि 500 साल के वनवास के बाद राम लला अपने घर आ रहे हैं। लाखों लोगों की कड़ी तपस्या और बलिदान के बाद राम लला आ रहे हैं। यह राम जी का ही आशीर्वाद है कि हम लोग आज यहां हैं। राल लला का बाल स्वरूप बेहद प्यारा है। बच्चों पर बहुत प्यार आता
अयोध्या आकर मन प्रसन्न , सबके लिए आशीर्वाद लेकर आऊंगा: जैकी श्राफ
बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्राफ ने कहा कि अयोध्या आकर उनका मन बेहद प्रसन्न है वह सबके लिए भगवान श्रीराम से आशीर्वाद लेकर आयेंगे।रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने वाले सितारों में जैकी श्रॉफ भी शामिल हैं। जैकी श्राफ को अयोध्या में रामलला के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। जैकी श्रॉफ अयोध्या में श्रीराम के दर्शन करने पहुंचे। जैकी श्राफ ने कहा,मुझे कई सारे निमंत्रण मिलते हैं लेकिन आज तक इससे बड़ा निमंत्रण कोई नहीं मिला है। मुझे लगता है कि इससे बड़ा निमंत्रण हमारे पास कभी आ भी नहीं सकता है। मैं यहां कोई संदेश देने नहीं आया हूं। यहां आने के बाद मन बेहद प्रसन्न हैं। मैं यहां से बहुत सारा आशीर्वाद हर किसी के लिए लेकर जाऊंगा।अयोध्या में मंदिर का बनना बहुत बड़ी बात है। हम सभी को मन-मंदिर को साफ रखना चाहिए।
उत्साहित हूं कि भगवान ने यह दिन देखने का मौका दिया: सोनू निगम
श्रीरामजन्मभूमि पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर उत्साहित पार्श्व गायक सोनू निगम ने कहा कि वह खुद को खुशनसीब समझते हैं कि उन्हे इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का साक्षी बनने का मौका मिला है।प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने आये सोनू ने रविवार रात कहा “ निसंदेह यह एक बहुत ही भावुक क्षण है। मुझे खुशी है कि दुनिया में जहां भी सनातन धर्म है, वहां खुशी और उत्साह है। यह बहुत अच्छा लगता है कि हम यह देख पा रहे हैं। भगवान ने हमें उस कालखंड में जन्म लेने के लिए चुना है जिसमें ऐसा भव्य आयोजन हो रहा है। ”उन्होने कहा “ मैं उन भाग्यशाली लोगों में से एक हूं जिन्हें निमंत्रण मिला है। करोड़ों की संख्या में रामभक्त हैं जो इस कार्यक्रम को लेकर कल दीवाली मनायेंगे। मैने भी यहां आने से पहले अपने घर को झालरों से सजाया है।”विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण अस्वीकार करने और बाद में दर्शन करने की दलील पर उन्होने कहा “ राजनीति के लिहाज से वे पूरी तरह सही है। अगर वे यहां आते हैं तो भी उन्हे शर्मिंदगी होगी और नहीं आते हैं तो भी उनके लिये मुश्किल होगी। वास्तव में यह कहा जाये कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें शह-मात दे दी है। ”(वार्ता)
रामोत्सव 2024 :हमारे राम लला अब टेंट में नहीं, दिव्य मंदिर में रहेंगेः पीएम मोदी
रामोत्सव 2024: मंदिर वहीं बना है,जहां बनाने का संकल्प लिया थाः सीएम योगी
विवादों को पीछे छोड़ रामराज के लिये हर किसी को आना होगा आगे: भागवत



