Varanasi

भारतीय रेल को बरेका की बड़ी सौगात, बनाया 50वां अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव

वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50वें अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण किया है। आधुनिक तकनीक और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस ये इंजन भारतीय रेल के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभाएंगे। बरेका अब तक कुल 11,531 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 3,195 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं।

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50वें अमृत भारत (पुश-पुल) लोकोमोटिव का निर्माण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, स्वदेशी तकनीक और लोकोमोटिव निर्माण के क्षेत्र में बरेका की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।

अमृत भारत ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार किए गए पुश-पुल लोकोमोटिव आधुनिक तकनीक और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस हैं। इस प्रणाली में ट्रेन के दोनों छोर पर लोकोमोटिव लगाए जाते हैं, जिससे परिचालन अधिक सुगम होता है और दिशा बदलने के दौरान इंजन को दूसरी ओर लगाने की आवश्यकता कम हो जाती है। इन लोकोमोटिव में अत्याधुनिक लोको कैब, सेमी-ऑटोमेटिक कपलर, क्रैशवर्दी डिजाइन और बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली जैसी विशेषताएं शामिल हैं।

बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने इस उपलब्धि पर कहा कि बरेका में निर्मित प्रत्येक लोकोमोटिव देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।

इस क्रम में लोकोमोटिव संख्या 45336 और 45337 को उत्तर पश्चिम रेलवे के भगत की कोठी, जोधपुर स्थित डीजल लोको शेड के लिए भेजा गया है।

11,531 रेल इंजनों का निर्माण

बरेका ने अपनी स्थापना से अब तक कुल 11,531 रेल इंजनों का निर्माण किया है। इनमें 3,195 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। यह आंकड़ा भारतीय रेल की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने और देश में रेल इंजन निर्माण की स्वदेशी क्षमता को मजबूत करने में बरेका के योगदान को रेखांकित करता है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50वें अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण बरेका की उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और आधुनिक रेल परिवहन के विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है।

राहुल गांधी नोट कर लें, सिर्फ नेहरू ही नहीं, मसुरियादीन पासी भी गए थे जेलः मुख्यमंत्री

अखिलेश बताएं, सपा जीते तो चुनाव निष्पक्ष और हारे तो बेईमानी कैसे : राजभर

Related Articles

Back to top button