रेलवे बोर्ड सदस्य आर. राजगोपाल ने बरेका का किया निरीक्षण
रेलवे बोर्ड के सदस्य (कर्षण एवं रोलिंग स्टॉक) आर. राजगोपाल ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का विस्तृत निरीक्षण कर लोको उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, तकनीकी नवाचार और अवसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने 572 रेल इंजनों का उत्पादन किया। निरीक्षण के दौरान कवच तकनीक, अमृत भारत पुश-पुल इंजन, सौर ऊर्जा परियोजनाओं और भविष्य की उत्पादन योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई।
वाराणसी। रेलवे बोर्ड के सदस्य (कर्षण एवं रोलिंग स्टॉक) श्री आर. राजगोपाल ने शुक्रवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का विस्तृत निरीक्षण कर रेल इंजन निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, तकनीकी नवाचार तथा अवसंरचनात्मक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत सहित सभी प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत श्री राजगोपाल ने बरेका की विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया। उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप तथा मेन गेज रूम का निरीक्षण कर रेल इंजनों के निर्माण, असेंबली, परीक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से कवच (KAVACH) सुरक्षा प्रणाली से लैस इंजनों के परीक्षण और उनके प्रदर्शन की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड सदस्य ने उत्पादन प्रणाली, कार्यप्रवाह, आधुनिक मशीनरी एवं अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा गुणवत्ता मानकों को और बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
अभिकल्प विभाग में देखे भविष्य के लोको डिजाइन
अपने दौरे के अंतिम चरण में श्री राजगोपाल ने बरेका के अभिकल्प (डिजाइन) विभाग का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बरेका द्वारा विकसित नवीन तकनीकों, आधुनिक लोकोमोटिव डिजाइनों तथा भविष्य की परियोजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें नई पीढ़ी के इंजनों और भविष्य की उत्पादन योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर अभिकल्प विभाग परिसर में रेलवे बोर्ड सदस्य श्री आर. राजगोपाल एवं महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
572 रेल इंजनों का उत्पादन कर बनाया नया कीर्तिमान
निरीक्षण के उपरांत महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में बरेका की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर आधारित विस्तृत पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक 572 रेल इंजनों का उत्पादन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
अधिकारियों ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में की जा रही तैयारियों की भी जानकारी दी।
अमृत भारत पुश-पुल इंजन और कवच तकनीक पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान अमृत भारत पुश-पुल डब्ल्यूएपी-7 (WAP-7) इंजनों के निर्माण, लोकोमोटिवों में उपलब्ध आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं, चालक-अनुकूल तकनीकों, कवच सुरक्षा प्रणाली, उन्नत प्रोपल्शन तकनीक तथा ट्रैक्शन मोटर परीक्षण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि बरेका में आधुनिक निरीक्षण एवं परीक्षण प्रणालियों का उपयोग कर इंजनों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही निर्यात बाजार और गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए डीजल इंजनों के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष फोकस
बैठक में बरेका द्वारा हरित एवं सतत विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में परिसर में रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं तथा अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) स्थापित करने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इसके अतिरिक्त वर्षा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी भी रेलवे बोर्ड सदस्य को दी गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बरेका परिसर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।
‘मेक इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड’ की दिशा में बरेका के प्रयासों की सराहना
अपने संबोधन में श्री आर. राजगोपाल ने बरेका द्वारा लोको उत्पादन, गुणवत्ता सुधार, तकनीकी नवाचार, ऊर्जा संरक्षण तथा ‘मेक इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड’ अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बरेका भारतीय रेलवे की आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उल्लेखनीय योगदान के सम्मान स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा भी की।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा सहित सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बरेका के इस निरीक्षण को संस्थान की उत्पादन क्षमता, तकनीकी उत्कृष्टता और भविष्य की विकास योजनाओं के मूल्यांकन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे बोर्ड सदस्य की सकारात्मक टिप्पणियों और प्रोत्साहन से बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का वातावरण देखा गया।
मानसून को लेकर आई बड़ी चेतावनी, जानिए किन राज्यों में बढ़ सकती हैं मुश्किलें



