
विशाल हत्याकांड में ताबड़तोड़ छापेमारी,5 हिरासत में , इकलौते चिराग के बुझने से गरीब परिवार की रोते रोते कटी रात
वाराणसी। सारनाथ थाना अंतर्गत पैगंबरपुर निवासी कक्षा 4 के छात्र विशाल की हत्या मामले में पुलिस ने आज एक बार फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच से अधिक लोग हिरासत में लिए गए हैं उनसे लगातार पूछताछ चल रही है। मिली जानकारी के अनुसार आईपीएस व कैंट सीओ अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और इलाकाई पुलिस आज सुबह पैगंबरपुर स्थित घटनास्थल पर पहुंची और एक बार फिर मौका मुआयना कर लोगों से पूछताछ शुरू की। शादी विवाह में सजावट का काम करने वाले बेहद गरीब बच्चे के पिता मंजय कुमार के परिजन इकलौते चिराग के बुझ जाने से रात भर बिलखते रहे। कक्षा चार में पढ़ने वाले विशाल की मौत से परिजन बेहद सदमे में नजर आए।
बताया गया कि बीते शुक्रवार की दोपहर 2 बजे इकलौता पुत्र विशाल घर से हाथी देखने निकला था। उक्त बालक अंतिम बार वैष्णव नगर कालोनी सोना तालाब के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया । इसके बाद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। परिजन पुलिस को सूचित कर रात भर उसे ढूंढते रहे, सुबह फिरौती के लिए पत्र मिला तो गरीब परिवार सन्न रह गया। पुलिस को पत्र सौप परिजन खोजने की गुहार लगाते रहे। पत्र में लिखा था कि 50 हजार रूपये चौबेपुर में लेकर आओ वरना विशाल को मार दिया जाएगा। इस पत्र के मिलने से घबराया पिता मंजय रिश्तेदारों के साथ चौबेपुर गया।लगभग 4 घंटे तक अथक प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। शुरू में पुलिस भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा पाई। कल बच्चे की हत्या कर फेंकी गई लाश फूलों की झाड़ियों में मिला तो सूचना पाकर उसकी मां अनीता बेसुध हो गई। घटना में किसी इलाकाई के शामिल होने की आशंका है। पुलिस अपहरण, हत्या के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही। पकड़े गए संदिग्ध युवकों से पुलिस की अलग-अलग टीमें पूछताछ कर रही है ।
बालक हत्याकांड में थाना प्रभारी व विवेचक निलंबित
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर में बालक के अपहरण व फिरौती मांगने के बाद हुई हत्या जैसी गम्भीर वारदात में थाना प्रभारी व विवेचक पर गाज गिर गई। घटना मे प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीकृत होने के बावजूद भी 9वर्षीय बालक की तलाश हेतु कोई ठोस प्रयास न करने, प्रकरण से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत न कराने तथा पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप में थाने पर तैनात निरीक्षक इन्द्रभूषण यादव, व विवेचक उप नि. संजय कुमार को पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। आज इस बावत एसएसपी कार्यालय से आदेश भी जारी हुआ। इस मामले में पुलिस ने पड़ोस के 5 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया है कई अन्य संदिग्ध नंबर रडार पर है। कुछ नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच व इलाकाई पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


