
घोरावल,सोनभद्र– आईआईटी रुड़की में पीजी कोर्स में प्रवेश पाकर घोरावल तहसील क्षेत्र के सेमरी मिश्र के प्रिंस कुमार मिश्रा ने जनपद सोनभद्र का नाम रोशन किया है।उनकी ऑल इंडिया में 177 वीं रैंक आई थी।गेट परीक्षा क्वालिफाई करने के बाद रैंकिंग के आधार पर प्रिंस को रुड़की आईआईटी में प्रवेश मिलने से जनपद गौरवान्वित हुआ है,जहां वह पैकेजिंग टेक्नोलॉजी में एमटेक करेंगे।सेमरी मिश्र निवासी प्रिंस मिश्रा के पिता मृत्युंजय मिश्रा किसान हैं और उनकी आर्थिक हालत ठीक नही है,मां फुलकेश देवी साधारण गृहिणी हैं और छोटा भाई प्रियम इलाहाबाद आईईआरटी से डिप्लोमा कोर्स कर रहा है।प्रिंस ने हाईस्कूल एवं इंटर में पूरे सोनभद्र जिले में दूसरा स्थान हासिल किया था।इसके बाद उन्होंने आईआईसीटी भदोही से इसी साल टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।बीटेक करने के लिए उन्हें एजुकेशन लोन भी लेना पड़ा।उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता व गुरुजनों को दिया है और वह सिविल सेवक बनना चाहते हैं।प्रिंस ने कहा कि लक्ष्य को पाने के लिए कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नही है।



