कोरोना की स्थिति पर प्रधानमंत्री मोदी की समीक्षा बैठक, टीकाकरण पर भी होगी चर्चा
टीकाकरण पर भी होगी चर्चा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 15 मई को कोरोना की स्थिति और टीकाकरण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। ज्ञातव्य है कि बीते कुछ हफ्तों में मचे हाहाकार के बाद देश में स्थिति में अब धीरे धीरे सुधरने लगी है। कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार थोड़ी कम होने से बड़ी राहत मिली है। संक्रमण के मामले लगातार कम हो रहे हैं। हालांकि अभी भी हर रोज 3 लाख से ज्यादा नए मरीज संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। लेकिन राहत इसलिए है क्योंकि बीच में यह आंकड़ा 4 लाख के पार भी पहुंच चुका है। हालांकि फिलहाल देश में कोरोना से हो रही मौतों की संख्या डरा रही है। लगातार हर रोज 4 हजार से ज्यादा मौतें दर्ज की जा रही हैं। अभी कोरोना के नए मरीजों की संख्या में गिरावट से अस्पतालों में भी हालात फिर सामान्य हो रहे हैं। हालांकि कोरोना पर पूरी तरह से काबू पाया जा सके, इसके लिए केंद्र राज्य सरकारें लगातार कदम उठा रही हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोरोना की स्थिति और टीकाकरण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक करने वाले हैं। सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री मोदी ये बैठक करेंगे।



