Astrology & Religion

बाबा विश्वनाथ के झुलनोत्सव की तैयारी शुरू, बाबा की पालकी यात्रा अमृत महोत्सव को समर्पित

वाराणसी । श्रावण माह की पूर्णिमा तिथि पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत डॉ कुलपति तिवारी के आवास से बाबा दरबार तक निकाली जाने वाली बाबा की पालकी यात्रा इस बार तिरंगामय दिखेगी। राष्ट्रध्वज के रंगों वाले पुष्पों से बाबा के रजत विग्रह का खास श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद रजत पालकी पर विराजमान होकर महादेव टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास से मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। उसकी साज सज्जा भी तिरंगा थीम पर ही होगी।

यह जानकारी मंगलवार को मंदिर के महंत डॉ कुलपति तिवारी ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रधर्म ही सर्वोपरि धर्म है। इसमें अटूट आस्था व्यक्त करते हुए हमने आजादी के अमृत महोत्सव को अविस्मरणीय बनाने के लिए यह निर्णय किया है कि अवसर विशेष होने के कारण इस वर्ष महंत आवास से विश्वनाथ मंदिर के मध्य होने वाली यात्रा में बाबा भक्तों को दर्शन देते हुए जाएंगे। यह व्यवस्था सिर्फ आजादी के अमृत महोत्सव को ध्यान में रखते हुए की गई है।

अगले वर्ष से पुनः बाबा का विग्रह परंपरानुसार श्वेत वस्त्र से ढंक कर ले जाया जाएगा। बाबा की पालकी यात्रा में दंड लेकर चलने का दायित्व संजीव रत्न मिश्र निभाएंगे। रजत मशाल पं. वाचस्पति तिवारी लेकर पालकी के आगे.आगे चलेंगे। बाबा के तामझाम की साज सज्जा विश्वनाथ मंदिर के रोहित माली द्वारा की जाएगी।

महंत आवास पर बाबा का झुलनोत्सव व कजरी

डॉ तिवारी ने बताया 11 अगस्त गुरुवार को विश्वनाथ मंदिर में झुलनोत्सव से पूर्व 10 अगस्त को टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर अमृत कजरी महोत्सव का आयोजन सायंकाल पांच बजे से किया जायगा। पंचबदन विग्रह को विश्वनाथ में झुलनोत्सव के लिए ले जाये जाने के पूर्व बुधवार को महंत-आवास पर बाबा की चल प्रतिमा का विशेष पूजन अनुष्ठान के बाद भगवान शिव की गोद में माता पार्वती और प्रथमेश की प्रतिमा को विराजमान कराकर तिरंगा श्रृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर कजरी के पारंपरिक आयोजन में पागल बाबा, आराधना सिंह और पूनम श्रीवास्तव कजरी प्रस्तुत करेंगी।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button