संकल्प अन्न क्षेत्र द्वारा वाराणसी में प्रसाद वितरण सेवा सम्पन्न
वाराणसी में सामाजिक संस्था संकल्प द्वारा संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र के तहत प्रत्येक शनिवार की तरह इस सप्ताह भी खिचड़ी प्रसाद वितरण किया गया। श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में भोग-अर्पण के बाद शुरू हुए इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था सदस्यों ने सेवा भाव से सहयोग दिया।
- श्री संकटमोचन मंदिर में भोग-अर्पण के बाद श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को खिचड़ी प्रसाद वितरित
वाराणसी। सामाजिक संस्था संकल्प द्वारा संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र के तहत हर शनिवार की तरह इस शनिवार को भी प्रसाद वितरण सेवा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ चौक स्थित प्राचीन श्री संकटमोचन हनुमान जी मंदिर में भोग-अर्पण के बाद किया गया। इसके उपरांत विधिवत रूप से श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद जनों के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण प्रारम्भ हुआ।
सुबह से ही प्रसाद वितरण स्थल पर भक्तों और जरूरतमंदों की लंबी कतारें दिखाई दीं। सभी ने व्यवस्थित रूप से लाइन में लगकर प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद प्राप्त करते ही कई लोगों के चेहरों पर संतोष और कृतज्ञता की मुस्कान देखने को मिली। उपस्थित श्रद्धालुओं ने संस्था की इस सेवा परंपरा की खुले दिल से सराहना की और इसे वाराणसी की गौरवशाली परोपकारी संस्कृति का द्योतक बताया।
संपूर्ण प्रसाद वितरण व्यवस्था में डॉ. समीर अग्रवाल, संदीप जैन एवं श्रीमती मृदुला अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने सेवा भाव से भोजन तैयार कराने से लेकर वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा -“संकल्प अन्नक्षेत्र का उद्देश्य केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और संवेदना की उस दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाना है, जो काशी की आत्मा में रची-बसी है। जब किसी जरूरतमंद के हाथ में प्रसाद पहुँचता है और उसके चेहरे पर संतोष की मुस्कान आती है, तब लगता है कि हमारा प्रयास सार्थक हुआ। समाज के प्रति कर्तव्य निभाने का यह अवसर हमारे लिए सौभाग्य है।”
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक एवं पदाधिकारी अनिल कुमार जैन, गिरधर दास अग्रवाल (मद्रास क्लॉथ सेंटर), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), राजेंद्र अग्रवाल (माड़ी वाले), संजय अग्रवाल ‘गिरिराज’, पवन राय, अमित श्रीवास्तव, भइया लाल, रंजनी यादव, मनीष सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं सहयोगी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सेवा भाव से प्रसाद वितरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
संकल्प अन्न क्षेत्र का यह सेवा कार्य लगातार जरूरतमंद लोगों तक भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराकर समाज में मानवीय संवेदना और सहभागिता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।



