NationalUP Live

मेरठ में पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- विकास बनाम जहरीली राजनीति की लड़ाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के लोकार्पण के अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति कर रही है, जबकि कुछ दल देश की उपलब्धियों को विवादों में घसीट रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, औद्योगिक निवेश और एमएसएमई को बढ़ावा देने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है।

मेरठ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर तीखा राजनीतिक हमला बोला और विकास बनाम “जहरीली राजनीति” को देश की मौजूदा सबसे बड़ी लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए देश और उत्तर प्रदेश का समग्र विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि कुछ राजनीतिक दल भारत की उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजाय उसे विवादों में घसीटने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन सरकार” विकास कार्यों को शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक समयबद्ध तरीके से पूरा करने की कार्यसंस्कृति पर आधारित है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बड़ी परियोजनाएं वर्षों तक अधूरी पड़ी रहती थीं, लेकिन अब सरकार तय समयसीमा में उन्हें पूरा कर जनता को समर्पित कर रही है। उन्होंने नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो परियोजनाओं को आधुनिक भारत की नई पहचान बताते हुए कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देंगी।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने राष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम को भी राजनीतिक विवाद का विषय बना दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन देश की प्रतिष्ठा और तकनीकी नेतृत्व से जुड़ा था, न कि किसी राजनीतिक दल से, लेकिन कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सोच के कारण देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कुछ दल भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास यात्रा को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने मीडिया से भी अपील की कि “विपक्ष” शब्द का उपयोग करते समय सभी दलों को एक साथ न जोड़ा जाए, बल्कि जिस दल की भूमिका हो, उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने कहा कि देश में कई राजनीतिक दल सकारात्मक भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन कुछ दल लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।

उन्होंने 2014 से पहले और उसके बाद के उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि पहले प्रदेश की पहचान दंगों, अपराध और कमजोर कानून व्यवस्था से होती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश, रक्षा निर्माण और आधुनिक तकनीकी परियोजनाओं का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण, मोबाइल फोन निर्माण इकाइयों, सेमीकंडक्टर परियोजनाओं और अन्य औद्योगिक निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश में रोजगार और आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है।

प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस समय अपराधी बेखौफ घूमते थे और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी, जबकि वर्तमान सरकार ने सख्त कार्रवाई कर कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

प्रधानमंत्री ने लघु, कुटीर और मध्यम उद्योग (एमएसएमई), किसानों और बुनकरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार छोटे शहरों, कारीगरों और उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्रीय बजट में घोषित विशेष कोष और निर्यात नियमों में दी गई ढील को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है और भाजपा की डबल इंजन सरकार इसी लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक बुनियादी ढांचे, मजबूत कानून व्यवस्था और उद्योगों को बढ़ावा देने वाली नीतियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश देश के विकास का प्रमुख इंजन बनेगा।(वार्ता)

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आठ संदिग्ध आतंकी हिरासत में, ISI से जुड़े होने का शक

मेरठ रैली से जाट समीकरण साधने की कोशिश, विकास परियोजनाओं के जरिए भाजपा का बड़ा संदेश

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button