
वाराणसी में कोविड-19 के हालात पर पीएम मोदी ने की समीक्षा बैठक
वाराणसी में कोरोना पर नियंत्रण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय अफसरों, जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों के साथ एक वर्चुअल समीक्षा बैठक की।
अपने संसदीय क्षेत्र का जाना हाल
इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में कोविड-19 की स्थिति का हाल जाना व अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, रेमेडिसीविर इंजेक्शन और दवाओं को लेकर मंथन किया।
टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट का नहीं विकल्प
प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि कोरोना से निपटने के लिए टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट का कोई विकल्प मौजूद नहीं है। इनके जरिए हमने पिछले साल भी कोरोना को मात दी थी। इस बार भी उसी रणनीति पर और तेजी से बढ़ते हुए हम इस महामारी को मात दे सकते हैं।
प्रधानमंत्री @narendramodi ने वाराणसी में कोविड-19 की स्थिति पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की और कोरोना से बचाव तथा संक्रमित मरीजों के उपचार हेतु टेस्टिंग, बेड, दवाइयाँ, वैक्सिीन, तथा मैन पावर आदि की जानकारी ली। pic.twitter.com/b7IZqxGR7Q
— Fake Indian (@Fake_india45) April 18, 2021
अफसरों ने दी यह जानकारी
बैठक में अफसरों ने संक्रमण की स्थिति, रोकथाम के प्रयासों, सप्ताहांत दो दिवसीय लॉकडाउन, कोरोना जांच, दवाओं की उपलब्धता इत्यादि के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने अफसरों की बातें गम्भीरता से सुनने के बाद चिकित्सकीय जरूरतों, चिकित्सा कर्मचारियों की सेहत और सुरक्षा पर बातचीत कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
समन्वय की जरूरत पर जोर
पीएम ने केंद्र और राज्यों के बीच करीबी समन्वय की जरूरत पर जोर दिया। चर्चा के दौरान रेमेडिसीविर, ऑक्सीजन और कोरोना बेड की कमी के मुद्दे भी सामने आए। पीएम ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि रेमेडिसीविर और अन्य दवाओं का इस्तेमाल मेडिकल गाइडलाइंस के हिसाब से ही हो। इनके दुरुपयोग और कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए सभी संभव प्रयास किए जाएं।
पीएम मोदी ने कई बिंदुओं पर किए सवाल
राजधानी लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज सहित पूरे प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में कई बिंदुओं पर सवाल भी किये। बैठक में प्रधानमंत्री ने अफसरों और कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा करने वाले चिकित्सकीय कर्मचारियों, चिकित्सकों का उत्साहवर्धन भी किया।
पीएमओ ने ट्वीट कर दी जानकारी
इस हाई लेवल बैठक की जानकारी पीएमओ ने ट्वीट कर दी। पीएमओ ने बताया कि ‘आज सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में कोरोना के हालातों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में टॉप अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और डॉक्टर्स शामिल होंगे, जो वाराणसी में कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं।
At 11 AM, Prime Minister @narendramodi will be chairing a meeting to review the COVID-19 situation in Varanasi.
The meeting will be attended by top officials, local administration and doctors who are involved in fighting COVID in Varanasi.
— PMO India (@PMOIndia) April 18, 2021



