National

PM मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड, बने भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर भारतीय राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस मामले में पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इसे जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे 145 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना और लोकतंत्र की बड़ी उपलब्धि कहा। मोदी का यह रिकॉर्ड भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय माना जा रहा है।

  • सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का मोदी ने हासिल किया गौरव

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आजाद भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का गौरव हासिल कर लिया।श्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से वह देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार काम कर रहे हैं। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में मंगलवार को उनके कार्यकाल के 4398 दिन पूरे हो गये। यह पंडित नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4398 दिन के कार्यकाल के बराबर है।

पंडित नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे थे। वैसे पंडित नेहरू आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन तब वह निर्वाचित नहीं, बल्कि अंतरिम सरकार में प्रधानमंत्री थे।इससे पहले श्री मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिन के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के कार्यकाल से आगे निकल चुके हैं। श्रीमती गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रही थी। यद्यपि वह बाद में 1980 में भी प्रधानमंत्री चुनी गयीं थी।

श्री मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में भी 9000 से भी अधिक दिन तक कार्य कर चुके हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नौ जून 2024 को शपथ ली थी।सूत्रों के अनुसार आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राज्य सरकारों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें श्री मोदी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी जायेगी। इस अवसर पर एक प्रस्ताव भी पारित किये जाने की संभावना है।

राष्ट्रपति ने मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सेवा, समावेश और राष्ट्रीय विकास के प्रति प्रधानमंत्री की अडिग प्रतिबद्धता देश को उसकी आकांक्षाओं की पूर्ति की ओर ले जाएगी।प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा में समर्पित 4,399 दिन पूरे होने पर राष्ट्रपति ने श्री मोदी को एक पत्र लिखकर उनकी सराहना की।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सार्वजनिक जीवन में भारत के प्रधानमंत्री पद जैसी जिम्मेदारी के लिए बहुत अधिक निष्ठा, लचीलेपन और दृढ़ता की आवश्यकता होती है। यह उपलब्धि केवल इस पद पर सबसे लंबी अवधि बने रहने का मामला नहीं है, बल्कि यह लगातार चुनावों में उनकी अगुवाई पर भारत की जनता द्वारा जताये गये अटूट विश्वास का प्रमाण है।राष्ट्रपति ने कहा, “हमारे जैसे विशाल, विविध और जीवंत देश में, जनता का विश्वास किसी भी नागरिक को दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। आपके प्रति यह विश्वास बीते वर्षों में बार-बार दोहराया गया है, जो हमारे गणराज्य की लोकतांत्रिक यात्रा के एक गौरवशाली अध्याय को दर्शाता है।

“श्रीमती मुर्मू ने पत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन के प्रयासों से करोड़ों लोग आर्थिक व्यवस्था से जुड़े हैं, जिनमें महिला लाभार्थियों की बड़ी संख्या होना बेहद सुखद है। आज देश की नारी शक्ति विकास यात्रा में समान भागीदारी निभाने के साथ-साथ इसका नेतृत्व भी कर रही है। उन्होंने शासन को पारदर्शी, कुशल और जवाबदेह बनाने के लिए तकनीक के उपयोग की भी सराहना की, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक गति से पहुँच रहा है।

राष्ट्रपति ने विशेष रूप से ‘पीएम-जनमन’ योजना की सराहना करते हुए कहा कि कतार के अंतिम व्यक्ति के उत्थान यानी ‘अंत्योदय के आदर्श’ और कमजोर जनजातीय समूहों के प्रति प्रधानमंत्री की करुणा ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है। इसके साथ ही उन्होंने देश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने को शासन की भावना का प्रतीक बताया।राष्ट्रपति ने कहा, “एक साधारण परिवार से आकर देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की आपकी यात्रा भारतीय लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत मिसाल है।

आज हमारे प्रतिभाशाली युवाओं की ऊर्जा और आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प के साथ ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर देश आगे बढ़ रहा है, जिससे दुनिया में भारत का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा है।” उन्होंने भरोसा जताया कि देश सेवा, सबको साथ लेकर चलने और राष्ट्रीय विकास के प्रति प्रधानमंत्री की यही अटूट निष्ठा भारत के सपनों को सच करेगी।

नरेंद्र मोदी बने सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, योगी ने दी बधाई

निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिन पूरे कर श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक इस पद पर सेवा देने वाले जननेता का कीर्तिमान स्थापित किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर उनको बधाई देते हुए इसे 145 करोड़ देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति बताया।

योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “ 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान केवल एक व्यक्ति के कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि संपूर्ण देशवासियों की सामूहिक भावना का प्रतीक है।

”मुख्यमंत्री ने लिखा, “इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही आते हैं जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का प्रमुख न रहकर एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। पीएम मोदी का यह कार्यकाल उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिए गए निर्णयों और शुरू की गई योजनाओं ने शासन को जन-केंद्रित बनाया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित की।”योगी ने कहा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित प्रधानमंत्री की यह अविराम साधना आगे भी भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।

उन्होंने भरोसा जताया कि ‘अमृतकाल’ में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और समावेशी विकास की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा।प्रधानमंत्री मोदी के इस रिकॉर्ड कार्यकाल को भाजपा और एनडीए नेताओं ने भी ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। समर्थकों का कहना है कि लंबे और स्थिर नेतृत्व ने नीतिगत निरंतरता दी है, जिससे भारत वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत करने में सफल रहा है।(वार्ता)

चिटफंड, पोंजी स्कीम और साइबर ठगी पर बड़ा वार, योगी सरकार का नया एक्शन प्लान तैयार

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button