जन संगठनों ने मनाया प्रतिवाद दिवस, मुख्यमंत्री को भेजा दस सूत्रीय मांगपत्र
धरना-प्रदर्शन के जरिए सरकार की नई व्यवस्थाओं को रद्द करने की मांग
जौनपुर। कुछ जन संगठनों के आह्वान पर आज जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित करके प्रतिवाद दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह को सौंपा गया।सरकारी क्षेत्रों का निजीकरण, बढ़ती बेरोजगारी, राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020, राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी (एनआरए), महिलाओं पर बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों के खिलाफ छात्र संगठन एआईडीएसओ, युवा संगठन एआईडीवाईओ तथा महिला संगठन एआईएमएसएस के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को प्रदेशव्यापी प्रतिवाद दिवस आयोजित किया गया।
धरना-प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने मांग की कि कोरोना काल में स्कूल कालेजों में हर स्तर पर सभी फीस माफ की जाए। उनका आरोप है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 शिक्षा को महंगा करने वाली, निजीकरण, व्यापारीकरण, साम्प्रदायीकरण करने वाली व यौन शिक्षा लागू करने वाली है, इसलिए इसे रद्द किया जाए। राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी रद्द की जाए। सभी बेरोजगारों को रोजगार दिया जाए। सभी सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर अविलम्ब स्थाई भर्ती की जाए।
सरकार से मांग की गई कि कर्मचारियों को 30 साल की नौकरी और 50 साल की उम्र वालों की स्क्रीनिंग कर नौकरी से बाहर निकालना और सरकारी क्षेत्रों व सेवाओं का निजीकरण बन्द किया जाए। प्रदेश भर में तेजी से बढ़ रहे रेप, गैगरेप, अपहरण व हत्या की घटनाओं पर रोक लगाई जाए। छात्राओं, महिलाओं व बच्चियों को सुरक्षा की गारण्टी दी जाए। अश्लीलता, नग्नता, गन्दी फिल्में, फूहड़ गानों, पोर्न वेबसाईट व शराबखोरी पर रोक लगाई जाए।उप्र विशेष सुरक्षा बल के गठन को लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने वाला करार देकर उसे रद्द करने की मांग की गई। नये कृषि कानून को किसान विरोधी और लेबर कोड को श्रमिक विरोधी करार देकर उसे रद्द करने की मांग की गई।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रवि शंकर मौर्या प्रदेश अध्यक्ष एआईडीवाईओ रहे। सभा को एआईडीएसओ के जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, एआईडीवाईओ के जिलाध्यक्ष इंदु कुमार शुक्ला, सचिव दिनेश कांत मौर्या, मिथिलेश कुमार मौर्या, राजबहादुर विश्वकर्मा, सन्तोष प्रजापति, अंजली सरोज, शिमला मौर्या, अनीता, सुरेश कुमार, रामाशीष आदि ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदु कुमार शुक्ला व संचालन सन्तोष कुमार ने किया।



