
देवरिया की जनता भाजपा का खाता भी नहीं खुलने देंगी-अखिलेश यादव
देवरिया । विधानसभा चुनाव के छठे चरण के चुनाव प्रचार में सभी राजनीतिक जोर-शोर से जुट गए हैं । देवरिया के रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के महुआनी चौराहे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण के मतदान में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। और अब छठे चरण के चुनाव में देवरिया की जनता भाजपा का खाता भी नहीं खुलने देंगी। 3 मार्च को देवरिया में मतदान होना है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देवरिया की जनता का उत्साह दिखा रहा है की बाबा मुख्यमंत्री का सफाया होने वाला है । भाजपा में जो जितना बड़ा नेता है वह इतना बड़ा झूठ बोलता है। आप लोग 2017 को याद कीजिए, सरकार की गलत नीतियों के कारण नोटबंदी और जीएसटी ने जनता को बर्बाद कर दिया ।

इस दौरान सपा प्रमुख ने अपने वादों को बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को पानी के लिए फ्री बिजली, प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी। पुरानी पेंशन बहाली का वादा करते हुए कहा कि हमारे घोषणा पत्र में जो भी है वह पूरा करके दिखाऊंगा। सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि आप लोग बताएं कि बाबा मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ स्मार्टफोन देने को कहा था मिला क्या, न स्मार्टफोन दिया, ना लैपटॉप दिया और देते भी क्यों, क्योंकि बाबा को तो खुद कंप्यूटर चलाने नहीं आता है।
बीजेपी के लोगों ने देश को आगे नहीं बढ़ाया बल्कि बेच दिया है। इनसे अच्छा झूठ कोई नहीं बोल सकता । बाबा मुख्यमंत्री कह रहे थे की गर्मी निकाल देंगे, परंतु पहले और दूसरे चरण के मतदान में जनता ने उनकी ही गर्मी निकाल दिया । अब देवरिया की जनता उनका भाप निकाल देगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने देवरिया की सातों विधानसभा के प्रत्याशियों का परिचय कराते हुए सपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सपा प्रमुख रविवार को देवरिया से सटे रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के महुआनी चौराहे पर आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 40 मिनट के भाषण में वह भाजपा पर हमलावर रहे। कहा कि बीजेपी का चाहे वह बड़ा हो या छोटा नेता, झूठ भी उसी कद का बोलते हैं। कृषि सुधार के नाम पर काले कानून पास करा दिए। किसानों ने आंदोलन कर एवं हर विपरित स्थिति का सामना करते हुए सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।
पंजाब व यूपी में चुनाव को देखते हुए सरकार को यह निर्णय लेना पड़ा। किसानों ने अन्न संकल्प ले लिया है कि बीजेपी के लोगों और उनके प्रत्याशी को इस बार सात सौ बार उठक बैठक लगवाएंगे। डीजल, पेट्रोल, खाद, बीज, खाद्य तेल की महंगाई से सभी परेशान हैं। बाबा मुख्यमंत्री कह रहे थे कि गर्मी निकाल देंगे। वोट पड़ेगा तो गर्मी निकालने वालों की भाप निकाल देंगे। सपा सरकार बनी तो फौज और पुलिस में भर्तियां निकलेगी। तीन साल से भर्ती नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि बाबाजी कह रहे हैं कि हम 12 बजे सोकर उठते हैं, जरा इनकी शक्ल देख लो तो आजकल उनकी शक्ल पर 12 बज रहे हैं। चार चरणों के बाद इनके कार्यकर्ता ठंडे पड़ गए हैं। अब तो गाना भी बन गया कि यूपी में का बा, यूपी में बाबा बाय बाय बा। जनता के अंदर इस बार 440 वोल्ट का करेंट फैल गया है, और उसने भाजपा वालों को सबक सिखाने का फैसला कर लिया है।



