UP Live

बरवाडीह-चोपन त्रिवेणी लिंक को बंद करने पर आक्रोश

* शक्तिनगर-सिंगरौली त्रिवेणी का परिचालन 26 से
* दुद्धी तहसील क्षेत्र के लोगों को लगभग डेढ़ दशक पूर्व की भांति चोपन से पकड़ना होगा त्रिवेणी एक्सप्रेस

दुद्धी, सोनभद्र- बरवाडीह से टनकपुर चलने वाली त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस के संचालन को बन्द कर दिया गया है। अब तक तो लोग इस गलतफहमी में थे कि कोविड के कारण ट्रेन निरस्त की गई है। मगर सिंगरौली-शक्तिनगर का परिचालन आगामी 26 से तथा बरवाडीह त्रिवेणी के निरस्तीकरण की खबर सुनते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। लगभग 16 माह पूर्व 23 मार्च 2020 में कॅरोना के कारण रद्द की गई प्रदेश को झारखंड राज्य से जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण ट्रेन का परिचालन बंद कर दिए जाने के बाद दुद्धी क्षेत्र अपनी बेबसी और दुर्दशा पर आंसू बहाने पर मजबूर है।

ट्रेन संख्या 04369/04370 (सिंगरौली) व 015069/015070 (शक्तिनगर) बरवाडीह से चोपन तक चलने वाली त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक तथा मंडल रेल प्रबंधक धनबाद की संतुति पर रेलवे बोर्ड द्वारा निरस्त की कार्यवाई अमल में लाई गई है। त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस की आय अच्छी होने के बाद भी निरस्त किये जाने के पीछे इस रेल मार्ग पर बहुतायत संख्या में कोयला लदी मालगाड़ियों का परिचालन बताया जाता है।

एक ओर जहां कोयला लदी मालगाड़ियों से आय ज्यादा होती है वहीं मालगाड़ियों के कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस का स्मूथ रनिंग गोल संचालन नही हो पाने की बात सामने आ रही है। बहरहाल ट्रेन के पुनः बहाली हेतु क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने जहां रेलमंत्री से मिलकर जनहित में पत्रक सौंपा है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर अधिवक्ता संगठन के लोग उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप बन्द पड़े ट्रेन की बहाली की मांग की है।

आबादी और क्षेत्रफल की दृष्टि से जनपद के दुद्धी तहसील का यदि अपना अलग महत्व है तो ऐतिहासिक, पुरातात्विक, राजनीतिक, धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से इसकी अपनी अलग पहचान है। समस्याओं से घिरी यह तहसील जहां नित्य नई समस्याओं को जन्म देती रही है वहीं अधिकारियों की उदासीनता लोलुपता और तानाशाही रवैया के कारण समस्याओं के निदान की जगह वह ऐसी उलझती जा रही।

सरकार द्वारा उपेक्षित यह क्षेत्र अपने भाग्य पर आंसू बहा रहा है। विकास और रचनात्मक साझेदारी की दौड़ में इस क्षेत्र को टीम से बाहर रखने के कारण यह क्षेत्र तबाह होता चला गया। बात चाहे दुद्धी को जिला बनाने की हो, ट्रेजरी आफिस के स्थानांतरण की हो या महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन की। जब-जब इस क्षेत्र के नागरिक अपनी मांगों को रखा, उन्हें मात्र आश्वासनों की घुंटी ही पिलाई गई।

दूसरी ओर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री जनता की सुविधा हेतु 05074/05073 टनकपुर-सिंगरौली-टनकपुर विशेष गाड़ी एंव 05076/05075 टनकपुर-शक्तिनगर विशेष गाड़ी का पुनः संचालन प्रारम्भ किया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल द्वारा जारी विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है कि 05074 टनकपुर-सिंगरौली त्रैसाप्ताहिक विशेष गाड़ी 26 जुलाई, 2021 से अगले आदेश तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को टनकपुर से 08.25 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन सिंगरौली 07.55 बजे पहुंचेगी ।

वापसी यात्रा में 05073 सिगरौली-टनकपुर त्रैसाप्ताहिक विशेष गाड़ी 27 जुलाई,2021 से अगले आदेश तक प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को सिंगरौली से 16.15 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन टनकपुर 15.25 बजे पहुंचेगी । इस गाड़ी की संरचना में एस.एल.आर.डी. के 02 कोच, साधारण द्वितीय श्रेणी के 06, शयनयान श्रेणी के 06, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का 01 तथा वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 01 सहित कुल 16 कोच लगाये जायेंगे।

05076 टनकपुर-शक्तिनगर विशेष गाड़ी (सप्ताह में चार दिन) 27 जुलाई,2021 से अगले आदेश तक प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार एवं रविवार को टनकपुर से 08.25 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन शक्तिनगर 08.20 बजे पहुंचेगी । वापसी यात्रा में 05075 शक्तिनगर-टनकपुर विशेष गाड़ी (सप्ताह में चार दिन) 28 जुलाई,2021 से अगले आदेश तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को शक्तिनगर से 15.45 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन टनकपुर 15.25 बजे पहुंचेगी ।

इस गाड़ी की संरचना में एस.एल.आर.डी. के 02 कोच, साधारण द्वितीय श्रेणी के 06, शयनयान श्रेणी के 06, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का 01 तथा वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 01 सहित कुल 16 कोच लगाये जायेंगे। बहरहाल मामला पूर्णतः केंद्र के पाले में चला गया है। इन परिस्थितियों में संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिनिधियों की पहल सार्थक परिणाम ला सकती है। दुद्धी क्षेत्र के नागरिकों ने सांसद रामशकल, राबर्ट्सगंज संसदीय क्षेत्र के सांसद पकौड़ी लाल कोल व पलामू के सांसद बीडी राम से रेलवे बोर्ड को लिखित पत्र भेज त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस को जनहित में अविलंब चालू कराने की मांग की है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button