State

पश्चिम बंगाल-राजस्थान समेत 7 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के डमराली में फटा बादल, कई इलाकों में आई बाढ़

नई दिल्ली । देश के कई राज्यों में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल और राजस्थान सहित सात राज्यों में भारी वर्षा की संभावना की भविष्यवाणी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में अगले 24 घंटे के दौरान जोधपुर, अजमेर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

अगले 5 दिन इन राज्यों में होगी बारिश

आईएमडी ने बताया कि अगले 4-5 दिन के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में तेज बारिश हो सकती है।

अगले एक सप्ताह तक यहां होगी बारिश

मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र और कच्छ में छिटपुट बारिश होगी। कोंकण और गोवा और गुजरात क्षेत्र में छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा हो सकती है।

बिहार-झारखंड में अभी बारिश से नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में 18 अगस्त, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 अगस्त तक, झारखंड में 20 अगस्त तक, ओडिशा में 20 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी। असम और मेघालय में 19 से 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में 19 अगस्त तक, केरल में 19 अगस्त को, आंध्र प्रदेश में 17 अगस्त तक और कर्नाटक में 17 अगस्त को भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली के क्षेत्रीय मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में दिन के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। राष्ट्रीय राजधानी में अगस्त के महीने में लगातार 15 दिन तक बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में अगस्त की शुरुआत से लेकर शुक्रवार तक हल्की से लेकर भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चला है राजधानी में एक अगस्त से 15 अगस्त बृहस्पतिवार के बीच हर दिन बारिश हुई है।

बिहार में बाढ़ ने बढ़ाई परेशानी

बिहार में भले ही गंगा के जलस्तर में कमी आई हो, लेकिन गंगा सहित प्रदेश की प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस बीच, भागलपुर, मुंगेर, मधेपुरा सहित कुछ जिलों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र जलमग्न हो गए हैं, इससे पठन पाठन का कार्य बाधित हुआ है। बिहार में कोसी, गंगा के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है।

हिमाचल प्रदेश के डमराली में फटा बादल, कई इलाकों में आई बाढ़

हिमाचल प्रदेश के डमराली में फटा बादल, कई इलाकों में आई बाढ़
हिमाचल प्रदेश के डमराली में देर रात बादल फटने और तेज बारिश से कई इलाकों में बाढ़ आ गई है। मामला रामपुर उपमंडल के तकलेच उपतहसील का है। बादल फटने से तकलेच में करीब 30 मीटर सड़क का हिस्सा टूट गया। मोबाइल टावर को भी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि हुई है। सड़क और मोबाइल टावर को क्षति पहुंची है।

बिजली आपूर्ति और मोबाइल टावर बंद

जानकारी के अनुसार, डमराली और तकलेच में शुक्रवार रात को भारी बारिश हुई। जिसके कारण तकलेच के ऊपर वाले हिस्से डमराली में बादल फटने से पानी का भारी सैलाब साथ लगते नाले में आ गया। जिस वक्त यह सैलाब आया तकलेच वासियों ने इस नाले की गड़गड़ाहट साफ सुनीं। लोग घरों से बाहर निकल गए। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। डमराली स्थित मोबाइल टावर भी बंद हो गया। यहां की 6 पंचायत का मोबाइल सिग्नल प्रभावित हो चुका है।

कई जगहों पर टूटी सड़कें

एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि मौके पर टीम नहीं पहुंच पाई है क्योंकि एक जगह से सड़क टूट गई है। लेकिन स्थानीय पंचायत प्रधान से फोन पर बात हुई उन्होंने किसी भी प्रकार से जान माल के नुकसान की सूचना को लेकर इंकार किया है।

चार शव और बरामद

वहीं, हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों में 31 जुलाई को बादल फटने से आई अचानक बाढ़ की घटना में चार और शव बरामद होने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाणा, मंडी पधर और शिमला के रामपुर उपमंडल में अचानक आई बाढ़ की घटना में कम से कम 23 लोग अब भी लापता हैं।

शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि रामपुर के आसपास सुन्नी बांध और सतलुज नदी के किनारे से चार शव बरामद किए गए हैं। जिले में करीब 14 लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से शुक्रवार को एक शव बरामद किया गया, जबकि पिछले छह दिनों में तीन शव बरामद किए गए हैं।(वीएनएस)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button