State

जातीय गणना रिपोर्ट के आधार पर सभी दलों की राय से बिहार के हित में होगा काम : नीतीश

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि वह जातीय गणना की आई रिपोर्ट के आधार पर सभी दलों की राय से राज्य के हित में इस पर काम करेंगे।श्री कुमार ने उनके नेतृत्व में मंगलवार को यहां मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में जाति आधारित गणना की रिपोर्ट पर चर्चा के लिये विधानमंडल के नौ दलों की हुई बैठक में कहा कि जाति आधारित गणना की रिपोर्ट में सभी वर्गों की विस्तृत जानकारी दी गयी है। पूरे तौर पर ठीक ढंग से सर्वे किया गया है। हर जाति की जानकारी दी गयी है। हर परिवार की आर्थिक, शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जाति आधारित गणना की रिपोर्ट आने के बाद सभी दलों की राय से हमलोग राज्य के हित में इस पर काम करेंगे। राज्य के सभी लोगों के उत्थान के लिये इस पर आगे विचार विमर्श कार्य किया जायेगा। हमलोगों का मकसद है लोगों को आगे बढ़ाने का, जो पीछे है, उपेक्षित है, उसकी उपेक्षा न हो। सब आगे बढ़ें। इन सब चीजों को ही ध्यान में रखकर काम किया जायेगा। हमलोगों का मकसद है सभी का विकास करना, उन्हें आगे बढ़ाना है। राज्य के हित में सबकी सहमति से कार्य करेंगे।

श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2019 से वह जाति आधारित गणना कराने के लिये प्रयासरत थे। वह चाहते थे कि 2021 की जनगणना जो हर दस वर्ष में होती है, जातीय आधार पर हो। 18 फरवरी 2019 को बिहार विधानसभा एवं बिहार विधान परिषद् द्वारा जनगणना जातीय आधार पर कराने के लिए केन्द्र से सिफारिश करने की संकल्प को सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी 2020 को बिहार विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से केन्द्र सरकार से जनगणना 2021 जातीय आधार पर कराने के अनुरोध का प्रस्ताव पारित किया गया। (वार्ता)

बिहार सरकार ने जातिगत आंकड़े जारी किये, आर्थिक और सामाजिक रिपोर्ट बाद में

Related Articles

Back to top button