
घर का दरवाजा खोलते ही पति का शव देख चीख पड़ी पत्नी
15 दिन बाद मायका से वापस ससुराल आई पत्नी को मिला पति का शव , पत्नी ने लगाया पट्टीदारों पर आरोप .
भटनी, देवरिया । भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव में बंद कमरे में एक मजदूर का शव मिला है। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी है। मृतक की पत्नी लगभग 15 दिन बाद अपने मायके से लौटी और घर का दरवाजा खोला तो पति का शव देखकर चीख पड़ी। उसने घटना की जानकारी भटनी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है वही मृतक की पत्नी ने अपने पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार भटनी थाना क्षेत्र के मिश्रौली दीक्षित गांव निवासी अभिराम गौड़ (45) मजदूरी करता था। छठ पर्व पर उसकी पत्नी फूलकली देवी अपनी एक वर्ष की बेटी को साथ लेकर अपने मायके पड़री झिल्लीपार थाना खुखुन्दू चली गयी थी। उसकी दो बेटियाँ आंचल (8), और काजल (5) अपने पिता के पास घर पर ही रूक गयी। गुरूवार की शाम को फूलकली देवी अपने मायके से ससुराल लौटीं। वहा घर का दरवाजा खोलने पर वह अपने पति का शव पाकर चीख पड़ी। रात्रि में लगभग 11 बजे वह 112 डाँयल को सूचना दी कि उसके पति का शव बंद कमरे में मिला है।
घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष भटनी भी हमराही सिपाहियों के साथ मृतक के घर पहुंचे। पुलिस ने शव को कमरे से बाहर निकाला। मृतक का शव सड़ गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही मृतक की पत्नी ने अपने पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस शक के आधार पर मृतक की पत्नी को भी पूछताछ के लिए थाने लाई आई है। मृतक के 6 संतान है। जिसमे 5 लड़कियां एवं 1 लड़का है। इस संबंध में थानाध्यक्ष भटनी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि बंद घर में एक मजदूर का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी एवं आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी हुई है, जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।