सूचना विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ
सूचना विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सूचना निदेशालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशाल सिंह ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि सूचना विभाग की जिम्मेदारी सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। उन्होंने कर्मचारियों से निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
लखनऊ। सूचना विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को सूचना निदेशालय के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में निदेशक सूचना विशाल सिंह ने संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक सूचना विशाल सिंह ने कहा कि सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार की नीतियों, निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सही एवं सटीक जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में विभाग की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए, ताकि सरकार और जनता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में विभाग अपनी भूमिका निभा सके।
नव-निर्वाचित पदाधिकारी घोषित
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा की गई। संघ के अध्यक्ष पद पर कपिल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष पद पर निखिल मिश्रा एवं शशांक शेखर शुक्ल निर्वाचित हुए। राज कुमार को महामंत्री तथा बृज मोहन पाण्डेय को संयुक्त मंत्री बनाया गया। संगठन मंत्री का दायित्व शुभम चौहान को सौंपा गया।
इसके अलावा शिव शंकर पाण्डेय को प्रचार मंत्री, मो0 सलीम अंसारी को कोषाध्यक्ष तथा उमेश कुमार को ऑडिटर नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में आनंदजय, राजेश कुमार भारती, पंकज यादव, प्रवीण दुबे, राशि सक्सेना और पंकज पाल को जिम्मेदारी दी गई। कार्यकारिणी की ओर से प्रमोद कुमार एवं श्रीमती शोभा चौधरी को सलाहकार सदस्य नामित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया रही पारदर्शी
संघ के चुनाव अमित यादव (निर्वाचन अधिकारी) एवं अमित शुक्ला (सह-निर्वाचन अधिकारी) की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए गए। निर्वाचन प्रक्रिया में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे लोकतांत्रिक परंपराओं का सफलतापूर्वक निर्वहन हुआ।
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्र, वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, जितेन्द्र प्रताप सिंह, चन्द्र विजय वर्मा, संजय कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।समारोह के अंत में सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
यमकेश्वर में बोले सीएम योगी: भौतिक प्रगति नहीं, संस्कारयुक्त शिक्षा ही सच्चा विकास



