नई दिल्ली । भारत में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 12,881 मामले आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 3,66,946 पर पहुंच गई है। साथ ही 334 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 12,237 हो गई है। वहीं भारत सरकार ने बताया है कि लोगों के ठीक होने की दर अब 52.95 प्रतिशत हो गई है। वहीं ठीक होने/मृत्यु का अनुपात 94.07 फीसदी/5.93 फीसदी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार फिलहाल 1,60,384 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 1,94,324 लोग स्वस्थ हो गए हैं तथा एक मरीज देश छोड़कर चला गया है। एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक करीब 52.95 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।



