भारत में कोरोना मरीजों की संख्या 4 लाख के पार, 13 हजार से अधिक की मौत
रिकवरी दर सुधर कर 54.13 प्रतिशत पर पहुंची
नई दिल्ली,। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या चार लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं इस वायरस की वजह से अब तक तेरह हजार से अधिक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। कोविड-19 के वैश्विक आंकड़ों पर नजर रखनेवाली वेबसाइट वर्ल्डोमीटर्स के मुताबिक शनिवार (20 जून) रात करीब 8 बजकर 55 मिनट (भारतीय समयानुसार) तक देश में 13,035 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है और इससे संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 400,724 पहुंच गई है, जिनमें से 216,730 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। पूरी दुनिया में 4,63,533 लोगों की इस खतरनाक वायरस से मौत हो चुकी है, जबकि कोविड-19 के संक्रमित मामलों की वैश्विक संख्या 88,05,608 हो गई है, जिनमें से 46,57,731 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान, कोविड-19 के कुल 9,120 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इस प्रकार, अब तक कुल 2,13,830 रोगी कोविड-19 से स्वस्थ हो चुके हैं। कोविड-19 रोगियों के बीच रिकवरी दर 54.13 प्रतिशत है। वर्तमान में, 1,68,269 सक्रिय मामले हैं और ये सभी सक्रिय चिकित्सा पर्यवेक्षण के तहत हैं। सरकारी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 715 एवं निजी क्षेत्र के प्रयोगशालाओं की संख्या बढ कर 259 (कुल 974) हो गई है।



