“अब बदलेगी काशी की तस्वीर, नगर निगम से लेकर तालाबों तक बड़ा फैसला”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी दौरे के दौरान 196.50 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें नगर निगम सदन भवन, कुंड-तालाबों का कायाकल्प, लीगेसी वेस्ट निस्तारण और ट्रांसफर स्टेशन निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। 150 नए कूड़ा उठान वाहनों को हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता व्यवस्था को सशक्त बनाया गया। इन परियोजनाओं से वाराणसी में प्रशासनिक व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और शहरी सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी।
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दो दिवसीय काशी दौरे के दौरान शहर को विकास की नई दिशा दी। इस दौरान बरेका में महिला सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही शहर को विकास की अरबों रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें नगर निगम से जुड़ी कुल 196.50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इसमें 182.23 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और 14.27 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण भी शामिल है।
बरेका से वर्चअल माध्यम से प्रधानमंत्री ने बहुप्रतीक्षित नगर निगम सदन भवन की नींव भी रखी । प्रधानमंत्री ने 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक भवन का शिलान्यास किया। यह भवन भविष्य में निगम के प्रशासनिक कार्यों और जनसुनवाई को और अधिक व्यवस्थित एवं सुलभ बनाएगा।। ऐसे में नगर निगम सदन भवन’ का निर्माण अब जल्द धरातल पर उतरेगा।
कुंडों और तालाबों का होगा कायाकल्प
काशी के पौराणिक कुंडों और तालाबों के संरक्षण पर भी जोर दिया गया है। नगर निगम सीमा में 05 कुंडों और 08 तालाबों के जलशोधन और कायाकल्प के लिए 21.33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 08 अन्य तालाबों/कुंडों के जीर्णोद्धार पर 2.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए भोजूबीर तिराहा स्थित कांजी हाउस स्थल पर 3.98 करोड़ रुपये की लागत से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।
स्वच्छता के लिए बढ़े कदम
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को मजबूती प्रदान करने के लिए लीगेसी वेस्ट के निस्तारण कार्य के लिए 53.15 करोड़ और शहर में छह नए ट्रांसफर स्टेशनों के निर्माण के लिए 22.27 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। साथ ही, शहर के नव-विस्तारित 25 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए 150 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों के माध्यम से नव-विस्तारित 25 वार्डों में अब डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होगी। इसके साथ ही, पिसौर में 4.70 करोड़ रुपये की लागत से बने कल्याण मंडप का भी लोकार्पण किया गया, जो स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।
निगम मुख्यालय में गूंजा पीएम का संदेश
प्रधानमंत्री के उद्बोधन को लाइव देखने के लिए नगर निगम मुख्यालय के सभागार में विशेष व्यवस्था की गई थी। बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के काशी विकास के संकल्प को सुना। इस दौरान सदन भवन की सौगात मिलने पर निगम परिवार में विशेष उत्साह दिखा।
प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास (182.23 करोड़)
-नगर निगम कार्यालय भवन का निर्माण: 96.99 करोड़ रुपये
-लीगेसी वेस्ट का निस्तारण: 53.15 करोड़ रुपये
-05 कुंडों और 08 तालाबों का कायाकल्प: 21.33 करोड़ रुपये
-सिगरा में को-वर्किंग स्पेस कम ऑफिस: 4.67 करोड़ रुपये
-भोजूबीर कांजी हाउस स्थल पर कॉम्प्लेक्स: 3.98 करोड़ रुपये
-08 तालाबों/कुंडों का जीर्णोद्धार: 2.72 करोड़ रुपये
-शहर में छह नए ट्रांसफर स्टेशन: 2.27 करोड़ रुपये
परियोजनाओं का प्रधानमंत्री ने लोकार्पण
-कल्याण मंडप (पिसौर): 4.70 करोड़ रुपये
-150 नए वाहन और नए ट्रांसफर स्टेशन कार्य का शुभारंभ। इन वाहनों के माध्यम से नव-विस्तारित 25 वार्डों में अब डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव की प्रक्रिया सुगम होगी।
नारी वंदन सम्मेलन में योगी का तीखा हमला-कांग्रेस-सपा पर क्यों भड़के?



