CrimeState

नालंदा शीतला मंदिर भगदड़: 8 महिलाओं की मौत, कई घायल

बिहार के नालंदा जिले के शीतला माता मंदिर में शीतलाष्टमी के दौरान भगदड़ मचने से 8 महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। भारी भीड़ और अव्यवस्था को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और भविष्य में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।

  • शीतलाष्टमी पर उमड़ी भारी भीड़ बनी हादसे की वजह, मुख्यमंत्री सहित नेताओं ने जताया शोक

राजगीर/नालंदा : बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधड़ा गांव स्थित शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस घटना में कम से कम आठ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में सभी महिलाएं बताई जा रही हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। पूजा के दौरान किसी कारणवश अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ अधिक होने के कारण लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे कई महिलाएं दब गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में से पांच की पहचान देवंती देवी, रेखा देवी, मालो देवी, चिंता देवी और कांति देवी के रूप में की गई है, जबकि अन्य तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मंदिर परिसर को खाली कराया तथा भीड़ को व्यवस्थित किया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक भीड़ और पर्याप्त व्यवस्था के अभाव को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।

वहीं, स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। प्रशासन द्वारा भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर परिसर में मंगलवार को हुई भगदड़ की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस हादसे से वे मर्माहत हैं और दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। श्री कुमार ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये, कुल छह लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि सहायता राशि शीघ्रता से पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई जाए।

घटना के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन के वरीय अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अधिकारियों को समुचित और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान देने को कहा है।

बिहार में नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार को हुई भगदड़ की घटना पर बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इस हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि अनेक लोग घायल हो गए हैं।

श्री सरावगी ने अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसने पूरे समाज को मर्माहत कर दिया है। उन्होंने कहा कि भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।

उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की तथा प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।

नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित माता शीतला मंदिर परिसर में मंगलवार को हुई भगदड़ की घटना पर बिहार जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इस हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि अनेक लोग घायल हुए हैं।

श्री कुशवाहा ने जारी अपने शोक संदेश में कहा कि यह हृदयविदारक घटना अत्यंत पीड़ादायक है, जिसने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि भगदड़ में श्रद्धालुओं की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद है और यह पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए धार्मिक आयोजनों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए।(वार्ता)।

पहले “पर्ची और खर्ची” से होता था चयन, अब न पर्ची-न खर्ची, सीधी भर्ती: योगी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button