National

स्वदेशी, आत्मनिर्भरता की ऐतिहासिक भारतीय पृष्ट भूमि -के.एन.गोविन्दाचार्य

अजीत मिश्र

नयी दिल्ली ।प्रख्यात राष्ट्रवादी चिंतक के एन गोविंदाचार्य ने कहा है कि पिछले दो,ढाई सौ वर्ष पहले भी भारत दुनिया मे आर्थिक दृष्टि से सबसे धनी समाज रहा है| जो कुछ भी बर्बादी हुई है वह पिछले 250 वर्षों की दुखद कहानी है। आर्थिक विकास में सामाजिक पूंजी और सांस्कृतिक परम्परा की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका है| सांस्कृतिक परम्परा में जीवन दृष्टि, विश्व दृष्टि और जीवन दर्शन का विशेष स्थान होता है|अपने प्रमुख सहधर्मियों के बीच विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में सामान्य जन यह समझ रखते है कि सृष्टि भगवान है भूमि गोपाल है और चराचर जगत में भगवान व्याप्त है| हर कुछ यहाँ तक कि मनुष्य भी भगवान का है| सृष्टि केवल मनुष्य की या मनुष्य के लिये नही है| मनुष्य इस सृष्टि में मालिक नही मेहमान है|ऐसे मे घर को ठीक रखना उसका फर्ज है| सृष्टि का सब कुछ मनुष्य के सुखोपयोग के लिये नही बनाया गया है|उन्होंने कहा कि इस समझ में यह निहित है कि मनुष्य इस सृष्टि का ट्रस्टी है| या भगवान् अगर मालिक तो मनुष्य मैनेजर है,मालिक नहीं| मालिक के प्रतिष्ठान को और अच्छा बनाना उसका कर्तव्य है, वह मुनाफे का नही, पूंजी का नही, केवल वेतन का हकदार है| मालिक की संपत्ति का उपभोग फिजूलखर्ची या बर्बादी उसके लिये गुनाह है|
इसलिये कम से कम मे काम चलावे यह मनुष्य के सहज स्वभाव मे आया|स्वदेशी आंदोलन के प्रमुख साधनों की बर्बादी न हो, प्रकृति अधिक जीवंत समृद्ध रहे, जमीन, जल, जंगल, जानवर की संभाल हो, बर्बाद न हो, संपोषण हो, बचत हो, वंचित, भूखा, बीमार कोई न हो मालिक के दरबार में| मालिक का कारोबार है सर्वत्र सुख, शान्ति, आनन्द की वर्षा हो, सुगंध हो| स्वदेशी आंदोलन के प्रमुख समर्थक श्री गोविन्दाचार्य ने कहा कि प्रकृति का संपोषण ही विकास का सही अर्थ है या सही रास्ता है|
भारतीय समाज अबाध इस समझ को अभिवृद्ध भी करता गया है| भारत मे सुर, असुर धातु की समझ रही| जमीन के ऊपर है सुर धातु, जमीन के नीचे है असुर धातु| यह समझ बनी कि सुर धातु जमीन, जल, जंगल, जानवर आदि का आवश्यकतानुसार भरपूर उपयोग हो|असुर धातु का सावधानी से, पथ्य पालते हुए उपयोग हो| उसी प्रकार समाज की संरचना मे भी व्यक्ति, परिवार, खानदान, कूल-कुटुंब, परिवार, परिकी, परिजन, ग्राम, इलाका, क्षेत्र, देश, दुनिया, सृष्टि, समष्टि और परमेष्टि तक की अखंड मंडलाकार (स्पाइरल) समझ, भावना, रचना बन सकी|*  परिवार, समाज की मूलभूत इकाई, जिसने अपने नही अपनों की चिंता स्वभाव बन जाय ऐसी कोशिश और इंतजाम हुए|
उन्होंने कहा कि परिवार, प्रकृति, पड़ोस, पहाड़, पेड़, पानी, पशु-पक्षी आदि के साथ एकात्म आत्मीय संवेदनशील भाव के अनुसार सहज स्वभाव बन जाय ऐसी कोशिश हुई|* मनुष्य का जीवन या जीवनमूल्य, जीवनादर्श, जीवनशैली इसके अनुकूल बनी|  इस व्यवस्था मे अधिकतम उत्पादन, समुचित वितरण और संयमित उपभोग की त्रिसूत्री बनाई जा सकी| फिजूलखर्ची के स्थान पर साधनों के रख-रखाव संभाल की चिन्ता पर जोर रहा| कोई भी वस्तु अनुपयोगी नही हैं, बर्बादी से पाप लगेगा आदि मान्यताएँ रूढ़ हुई|
इन सबमे प्रकृति और उसकी एक श्रेष्ठ उत्पति गोमाता, गंगा मैया की मातृवत दृष्टि बनी| फलतः कृषि, गोपालन, वाणिज्य की त्रिसूत्री पर जोर रहा| कभी भाजपा के थिंकटैंक माने जानेवाले गोविंदा चार्य ने आगे कहा कि अधिक उत्पादन, समुचित वितरण, और संयमित उपभोग, अभौतिक जीवनमूल्यों पर आधारित समाज-व्यवस्था के कारण सरप्लस, बचत आदि होता गया| आमदनी ज्यादा, खर्च कम की स्थिति बनी| इसमे साधन, प्रकृति,जन किसी का शोषण अभीष्ट नही थी| वह सब दंडनीय पाप था| फलतः भारत सोने की चिड़िया कहलाने लगा|*  इन सब स्थितियों के कारण दो हजार पूर्व तक व्यवस्थाएँ चली| समय-समय पर इन व्यवस्थाओं को चलाये रखने के लिये अलग-अलग स्मृतियों का विधान भी हुआ| अर्थ के प्रभाव से भारत अछूता न रहा| प्रमाद, आलस्य का शिकार समाज होने लगा| फलतः स्मृतिभ्रंश, विभ्रम, सदगुणविकृति आदि का समाज शिकार होता गया|  पिछले 2000 वर्षों मे 1500 ईस्वी तक समाज उतना क्षत-विक्षत नही हुआ जितना पिछले 500 वर्षों में, या पिछले 250 वर्षों मे हुआ है।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: