Crime

मर्डर मिस्ट्री : 5 दशक बाद खुला राज, 26 साल का आरोपित 76 साल का हुआ

अहमदाबाद । अहमदाबाद के सरदारनगर क्षेत्र में 49 वर्ष पूर्व वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 76 वर्ष के आरोपित को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपित वृद्ध महिला के घर में चोरी के इरादे से गया था। महिला की नींद खुल जाने पर आरोपित महिला पर हमला कर भाग गया था। महिला बेहोश होकर गिर गई। दो दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर अड़ोस-पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। बाद में महिला का मृत शरीर बरामद हुआ था।

जानकारी के अनुसार 49 साल पहले सितम्बर, 1973 के दौरान अहमदाबाद के सेजपुर क्षेत्र में फदेली के पास 70 वर्ष की महिला मणिबेन शुक्ला रहती थी। महिला के घर के ऊपर तीन युवक किराए पर रहते थे। इनमें महादेव, नारायण और सीताराम तातिया शामिल थे। तीनों युवक छोटे-बड़े काम कर जीविकोपार्जन करते थे। इसमें सीताराम की चोरी करने की आदत थी। 14 सितम्बर, 1973 को सीताराम कामकाज के लिए प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे कोई काम नहीं मिला। इसके बाद उसने चोरी करना तय किया। दोपहर पौने तीन बजे के आसपास वह मणिबेन के घर में घुस गया। घर से कपड़े और बर्तन आदि चोरी कर रहा था, इस बीच मणिबेन की नींद खुल गई।

सीताराम ने मणिबेन पर हमला किया और वहां से फरार हो गया। हमला होने से मणिबेन बेहोश हो गईं। दूसरे दिन से इस घर में कोई हलचल नहीं होती थी। दो दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मणिबेन के घर पहुंची तो उसका शव पड़ा मिला। घर के ऊपरी हिस्से में रहने वाले तीनों युवक भी वहां से फरार मिले। घर से सबसे अंत में सीताराम के बाहर जाने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिकी दर्ज किए 49 वर्ष बीत चुके हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य के पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने सभी थानों में फरार आरोपितों को किसी भी हाल में गिरफ्तार करने का सख्त निर्देश जारी किया। इस पर सभी थानों से फरार हुए आरोपितों की तलाश के दौरान इस हत्या की घटना की भी फाइल खोली गई, जिसमें सीताराम का नाम दर्ज था। पुलिस ने उसका ठिकाना ढूंढना शुरू किया तो उसके महाराष्ट्र में होने की जानकारी मिली। अहमदाबाद पुलिस महाराष्ट्र पहुंची और आरोपित को उसके संबंधी के घर से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने पर आरोपित को यह पता नहीं था कि 49 वर्ष पूर्व वह जिस वृद्ध महिला पर हमला कर भाग गया था, घटना में उसकी मौत हो गई थी।

कई मामलों का आरोपित निकला

पुलिस को महाराष्ट्र में जानकारी मिली कि आरोपित सीताराम गांव की एक विधवा महिला के साथ बलात्कार का भी आरोपित है, लेकिन महिला ने लोकलाज के भय से शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके अलावा उसने कई जगहों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया।(हि.स.)

 

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: