
महाशिवरात्रि से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, पंचकोशी मार्ग होगा गड्ढा मुक्त
महाशिवरात्रि पर काशी में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कंदवा स्थित कांदेश्वर महादेव मंदिर और शिवपुर पंचकोशी मार्ग का निरीक्षण कर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सीवर व लीकेज की समस्या तत्काल ठीक कर श्रद्धालुओं को निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।
- नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कांदेश्वर महादेव व पांचो पांडव क्षेत्र का किया निरीक्षण, सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी। काशी में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कंदवा स्थित कांदेश्वर महादेव मंदिर तथा शिवपुर पंचकोशी मार्ग स्थित पांचो पांडव स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि से पूर्व पंचकोशी मार्ग की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढा मुक्त किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मार्ग की मरम्मत, पैचवर्क और समतलीकरण का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को कहा।
नगर आयुक्त ने शिवपुर पांचो पांडव मार्ग एवं धर्मशाला परिसर में विशेष रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर कहीं भी सीवर ओवरफ्लो या पेयजल पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्या नहीं दिखनी चाहिए। संबंधित विभागों को सतत निगरानी रखते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि पंचकोशी यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कंदवा स्थित श्री रंगेश्वर नाथ मंदिर के पास लंबे समय से बंद एवं जीर्ण-शीर्ण पड़े सार्वजनिक शौचालय को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने महाशिवरात्रि से पहले उसकी मरम्मत कराकर आमजन के लिए खोलने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त पूरे परिक्रमा मार्ग में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने या ठीक करने को कहा गया, ताकि रात्रिकालीन आवागमन में प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान शिवपुर वार्ड के पार्षद बलराम बनौजिया, कंदवा पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता (सिविल), जलकल विभाग के अवर अभियंता, सफाई निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
महाशिवरात्रि को देखते हुए नगर निगम द्वारा की जा रही इन तैयारियों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन सक्रिय रूप से कार्यरत दिखाई दे रहा है।
‘यूपी गा रहा है गीत योगी जी के नाम का’ -बजट में सुरेश खन्ना की शायरी ने बटोरी तालियाँ



