मैदागिन से सारनाथ तक ट्रैफिक सुधार की तैयारी, नगर आयुक्त का स्थलीय निरीक्षण
वाराणसी में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मैदागिन, बेनियाबाग और सारनाथ क्षेत्रों का निरीक्षण किया। पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन, चौराहों के सौंदर्यीकरण, वेंडिंग जोन और फूड स्ट्रीट विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेनियाबाग पार्क के रखरखाव में लापरवाही पर कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी गई।
वाराणसी : शहर की जटिल होती यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यटन क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को मैदागिन, बेनियाबाग, सारनाथ व आशापुर सहित प्रमुख क्षेत्रों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग, चौराहों के सौंदर्यीकरण, वेंडिंग जोन और पर्यटक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए।
पार्किंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर फोकस
नगर आयुक्त ने मैदागिन, श्री काशी विश्वनाथ धाम और आशापुर-सारनाथ मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए वाहन पार्किंग स्थलों के चिन्हांकन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टाउनहॉल सदन परिसर के पास दोपहिया वाहन पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही टाउनहॉल पार्किंग की बाउंड्री वाल के समीप पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए पेडेस्ट्रियन इंप्रूवमेंट की योजना तैयार करने को कहा।
चौराहों का सौंदर्यीकरण और वेंडिंग जोन
मैदागिन चौराहे के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी और नगर निगम को एक समान डिज़ाइन वाले मॉडल वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। इससे सड़क किनारे अव्यवस्थित ठेला-खोमचा व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
बेनियाबाग पार्क में लापरवाही पर चेतावनी
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने राजनारायण स्मारक पार्क, बेनियाबाग का भी जायजा लिया। पार्क के रखरखाव में मानकों की अनदेखी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था को कड़ी चेतावनी दी गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पार्क का संचालन व्यवस्थित और मानक अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
पर्यटन सुविधा केंद्र और गोल्फ कार्ट योजना
बेनियाबाग पार्क के मुख्य द्वार के सामने स्थित खाली भूमि पर पर्यटन सुविधा केंद्र विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। यहां गोल्फ कार्ट के लिए पार्किंग और चार्जिंग स्टेशन भी प्रस्तावित है, जिससे पर्यटकों को शहर भ्रमण में सुविधा मिल सकेगी।
सारनाथ-आशापुर में फूड स्ट्रीट की तैयारी
नगर आयुक्त ने सारनाथ और आशापुर क्षेत्र में मॉडल वेंडिंग जोन और फूड स्ट्रीट विकसित करने के लिए स्थल चिन्हांकन और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यह पहल स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता आरके सिंह, स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेन्द्र तिवारी, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी मृत्युंजय मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
“शहर में कूड़ा मिला तो सीधे नपेंगे अफसर” – मंत्री ए.के. शर्मा का सख्त संदेश



