Varanasi

नगर आयुक्त ने शिवपुर केंद्र में निर्माणाधीन एमएसयू का लिया जायजा

वाराणसी के शिवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बन रही मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट का नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण, हरियाली, बैठने की व्यवस्था और बेहतर लाइटिंग सुनिश्चित कर मरीजों और परिजनों को सुविधाजनक वातावरण देने पर जोर दिया।

  • निरीक्षण के दौरान निर्माण की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी, परिसर स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण, हरियाली और बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा

वाराणसी। नगर निगम द्वारा शिवपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) परिसर में मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) के निर्माण कार्य को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने परिसर में निर्माणाधीन एमएसयू भवन के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यूनिट सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी प्रणाली को मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

नगर आयुक्त ने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और रोग नियंत्रण प्रणाली को मजबूती मिलेगी। इससे संक्रामक रोगों की समय पर पहचान, निगरानी और रोकथाम में मदद मिलेगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के अंदर स्थित पार्क का सौंदर्यीकरण कराने को कहा, जिसमें अच्छी गुणवत्ता की हरी घास (ग्रीन ग्रास) लगाने, छायादार पेड़-पौधे और फूलों के पौधे लगाने तथा बैठने के लिए बेंच की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ, हरित और शांत वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।

इसके अलावा नगर आयुक्त ने आलोक विभाग को निर्देशित किया कि परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात के समय भी मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सुरक्षा और सुविधा दोनों का ध्यान रखा जाना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, स्वास्थ्य मंत्रालय (भारत सरकार) के रिसर्च ऑफिसर डॉ. अवनिंद्र द्विवेदी, सिविल विभाग एवं मार्ग प्रकाश विभाग के सहायक अभियंता सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ-साथ परिसर को सुंदर और सुविधाजनक बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

वाराणसी में 22 फरवरी की शाम जलापूर्ति बाधित, भदैनी इन्टेकवेल पर होगा जरूरी रखरखाव

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button