Varanasi

भेलूपुर में एमआरएफ सेंटर और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

वाराणसी नगर निगम के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भेलूपुर के भवनियां पोखरी स्थित एमआरएफ सेंटर और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने वर्तमान एमआरएफ सेंटर को अपर्याप्त बताते हुए इसे शंकुल धारा ट्रांसफर स्टेशन के पास स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संकलन व्यवस्था मजबूत कर प्लांट को पूर्ण क्षमता से संचालित करने पर जोर दिया।

वाराणसी : नगर निगम वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को भेलूपुर क्षेत्र के भवनियां पोखरी स्थित एम.आर.एफ. (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर तथा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट एरिया का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि वर्तमान में भवनियां पोखरी स्थित एम.आर.एफ. सेंटर उपलब्ध स्थान के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते ठोस अपशिष्ट (सॉलिड वेस्ट) के प्रभावी प्रबंधन के लिए एम.आर.एफ. सेंटर का दायरा बढ़ाना आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान एम.आर.एफ. सेंटर को स्थानांतरित कर शंकुल धारा स्थित ट्रांसफर स्टेशन के पास उपलब्ध उपयुक्त रिक्त भूमि पर नया एवं विस्तारित एम.आर.एफ. सेंटर स्थापित करने की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि कचरे के पृथक्करण और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।

नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस प्लांट को पूरी क्षमता के साथ संचालित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे शहर में उत्पन्न होने वाले ठोस कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण किया जा सके और उससे ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया को भी गति मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डोर-टू-डोर कचरा संकलन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाया जाए, ताकि पर्याप्त मात्रा में वेस्ट की आपूर्ति प्लांट तक सुनिश्चित हो सके और प्लांट का संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चलता रहे।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि काशी को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन और निस्तारण की संपूर्ण व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के साथ संचालित किया जाए, ताकि शहर में स्वच्छता का स्तर और बेहतर हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इसके लिए विभिन्न परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस दौरान निरीक्षण स्थल पर अपर नगर आयुक्त श्रीमती सविता यादव, महाप्रबंधक जलकल, अधिशासी अभियंता (सिविल) श्री अगम कटियार, जोनल स्वच्छता अधिकारी, सफाई निरीक्षक तथा वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बरेका में सीएलडब्ल्यू महाप्रबंधक मोहित चंद्रा का दौरा, उत्पादन इकाइयों का किया निरीक्षण

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button