
मोदी ने ओडिशा में रेल दुर्घटना स्थल का दौरा किया
नयी दिल्ली/ भुवनेश्वर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के बालासोर जिले में भीषण रेल दुर्घटना स्थल पहुंच कर राहत कार्यों की समीक्षा की।उनके साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर उपस्थित थे। श्री मोदी आज ही नई दिल्ली से ओडिशा पहुंच कर सैन्य हेलीकाप्टर से घटना स्थल पर पहुंचे। श्री वैष्णव वहां पहले पहुंच चुके थे।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार श्री मोदी ने मौके पर स्थानीय अधिकारियों, आपदा राहत बलों के कर्मियों और रेलवे अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने इस भीषण त्रासदी से निपटने और इसकी पीड़ा कम करने के लिए पूरे सरकारी तंत्र में पूर्ण तालमेल का दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।श्री मोदी ने वहां कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से भी बात की तथा उन्हें उनसे घायलों और उनके परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ने इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा है कि शोक संतप्त परिवारों को असुविधा का सामना न करना पड़े और प्रभावितों को शीघ्र आवश्यक सहायता मिलती रहे।ओड़िशा के बालासोर के बहनगा बाज़ार रेलवे स्टेशन में शुक्रवार शाम हुई ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 261 हो गई और एक हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। राज्य में एक दिन के शोक की घोषणा की गई है।बालासोर के कलेक्टर डी बी शिंदे ने कहा कि अब तक दुर्घटनास्थल से 261 शव निकाले जा चुके हैं। दुर्घटनास्थल राजधानी से करीब 200 किलोमीटर दूर है। (वार्ता)
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का पता चलेगा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज सुबह ओडिशा में बालेश्वर में रेल दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। यहां कल तीन रेलगाड़ियों की टक्कर हुई थी। रेल मंत्री ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेल सेवाएं बहाल करने का काम जिला प्रशासन से अनापत्ति मिलने के बाद शुरू किया जाएगा। रेल मंत्री ने कहा कि दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच करायी जाएगी और रेल सुरक्षा आयुक्त भी अपने स्तर पर अलग से जांच करेंगे।
रेल मंत्री ने पीड़ितों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50 हजार रुपये दिये जाएंगे।इस भीषण रेल दुर्घटना में मरने वालों की संख्या दो सौ 61 हो गई है, जबकि नौ सौ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल है। घायलों का उपचार बालेश्वर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल तथा पास के अन्य अस्पतालों में किया जा रहा है।
ओडिशा में तीन ट्रेनों की टक्कर में 261 यात्रियों की मौत, 1000 से अधिक घायल
ओडिशा ट्रेन दुर्घटना के कारण सौ से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित